बुधवार और शुक्रवार को चलेगी नई एक्सप्रेस, पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और तीर्थयात्रा को मिलेगा बड़ा फायदा
देहरादून : उत्तराखंड के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रामनगर और देहरादून के बीच पहली बार एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू होने जा रही है। रेल मंत्रालय ने ट्रेन संख्या 15310/15309 रामनगर–देहरादून एक्सप्रेस के संचालन को मंजूरी दे दी है। यह ट्रेन 18 जुलाई से नियमित रूप से हर बुधवार और शुक्रवार को चलेगी।
नई रेल सेवा शुरू होने से नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, मुरादाबाद, बिजनौर, हरिद्वार और देहरादून के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके साथ ही पर्यटन, तीर्थयात्रा, शिक्षा, व्यापार और स्थानीय आवागमन को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
यह रहेगा ट्रेन का शेड्यूल
रामनगर–देहरादून एक्सप्रेस सुबह 5:50 बजे रामनगर से रवाना होकर दोपहर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन उसी दिन दोपहर 3:55 बजे देहरादून से प्रस्थान करेगी और रात 11:30 बजे रामनगर पहुंचेगी।
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
यात्रा के दौरान ट्रेन काशीपुर, रोशनपुर, पीपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार स्टेशनों पर रुकेगी।
यात्रियों को मिलेंगी ये सुविधाएं
रामनगर और देहरादून के बीच चलने वाली यह पहली एक्सप्रेस ट्रेन होगी। इसमें यात्रियों की सुविधा के लिए एसी द्वितीय श्रेणी (2AC), एसी तृतीय श्रेणी (3AC), एसी चेयर कार (CC), स्लीपर क्लास, द्वितीय श्रेणी चेयर कार और सामान्य द्वितीय श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे।
बताया जा रहा है कि यह नई रेल सेवा क्षेत्र की लंबे समय से लंबित मांग को पूरा करेगी। सांसद अनिल बलूनी के प्रयासों के बाद रेल मंत्रालय ने इसके संचालन को मंजूरी दी है।
