नैनीताल : वीकेंड के चलते नैनीताल जिले के प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों पर पर्यटकों व श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ गई है। कैंची धाम, नैनीताल, भीमताल और मुक्तेश्वर की ओर बड़ी संख्या में वाहन पहुंचने से कई मार्गों पर यातायात का दबाव बना हुआ है।

भीड़ को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में नैनीताल पुलिस ने प्रमुख मार्गों और पर्यटन स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। पुलिसकर्मी सुबह से ही यातायात को व्यवस्थित करने के साथ पर्यटकों और श्रद्धालुओं को जरूरी दिशा-निर्देश दे रहे हैं।

कैंची धाम में शटल सेवा से हो रहे दर्शन

कैंची धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस ने यातायात डायवर्जन के साथ शटल सेवा की व्यवस्था की है। श्रद्धालुओं को शटल के जरिए कैंची धाम तक पहुंचाया जा रहा है और कतारबद्ध तरीके से नीम करौली बाबा के दर्शन कराए जा रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि शटल व्यवस्था का उद्देश्य भीड़ और वाहनों के दबाव को नियंत्रित करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से दर्शन कराना है।

पुलिस ने पर्यटकों से की अपील

नैनीताल पुलिस ने पर्यटकों और श्रद्धालुओं से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि कतार में चलते समय लाइन न बदलें और वाहन चलाते समय अनावश्यक ओवरटेकिंग से बचें।

यातायात का दबाव होने पर धैर्य बनाए रखने, जल्दबाजी में लेन नहीं बदलने और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है। इसके अलावा सड़क किनारे वाहन खड़ा करने के बजाय निर्धारित पार्किंग स्थल का इस्तेमाल करने की अपील की गई है।

पुलिस ने कहा कि यात्रियों के सहयोग से भीड़ और यातायात के दबाव को बेहतर तरीके से संभालने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *