इनकम टैक्स इंस्पेक्टर बनवाने का दिया था भरोसा, रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप
काशीपुर : सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 35 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में आईटीआई कोतवाली पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी पर पहले भी नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने का आरोप है।
ग्राम बुढ़ानपुर, अलीगंज, थाना भगतपुर, जिला मुरादाबाद निवासी फुरकान पुत्र कय्यूम अली, जो वर्तमान में सैनिक कॉलोनी काशीपुर में रहते हैं, ने न्यायिक मजिस्ट्रेट काशीपुर की अदालत में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि वर्ष 2019 में उनके रिश्तेदारों ने उनका परिचय श्यामपुरम कॉलोनी निवासी राघवेंद्र मिश्रा पुत्र नित्यानंद मिश्रा से कराया था।
फुरकान के अनुसार, राघवेंद्र मिश्रा ने खुद को जीबी पंत विश्वविद्यालय पंतनगर का प्रोफेसर बताते हुए दावा किया था कि वह आईएएस की परीक्षा पास कर चुका है और उसकी पोस्टिंग होनी बाकी है। इसी दौरान उसने आईएएस अधिकारियों के वीआईपी कोटे का हवाला देते हुए फुरकान को इनकम टैक्स इंस्पेक्टर की नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। इसके एवज में उसने 40 से 50 लाख रुपये खर्च होने की बात कही।
आरोप है कि नौकरी मिलने की उम्मीद में फुरकान ने वर्ष 2020 से अलग-अलग तारीखों पर नकद और ऑनलाइन यूपीआई के माध्यम से करीब 35 लाख रुपये राघवेंद्र मिश्रा को दे दिए। इसके लिए उसने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी रकम उधार ली थी। काफी समय बीतने के बाद जब उसने नौकरी के संबंध में जानकारी मांगी तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा।
फुरकान ने आरोप लगाया कि बाद में उसे जानकारी मिली कि आरोपी पहले भी कई लोगों को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी कर चुका है। उसके खिलाफ आईटीआई थाने में पहले से भी एक मुकदमा दर्ज है, जिसकी जांच चल रही है।
पीड़ित का यह भी आरोप है कि जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने उसे और उसके परिवार को जान से मारने तथा शहर से गायब करने की धमकी दी।
न्यायालय के आदेश पर आईटीआई कोतवाली पुलिस ने राघवेंद्र मिश्रा के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एसआई शंकर सिंह बिष्ट को सौंपी गई है।
