काशीपुर : शहर के एक पेट्रोल पंप पर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब काले रंग की क्रेटा कार में सवार होकर पहुंचे चार लोगों ने पेट्रोल पंप कर्मचारियों के साथ कथित तौर पर मारपीट और गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावरों के हाथों में लोहे के कड़े, पंच और शराब की बोतलें थीं। मामले में पुलिस ने एक नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजाजीपुरम कॉलोनी निवासी सोनू कुमार पुत्र राम प्रसाद माधव ने आईटीआई कोतवाली में शिकायत देकर बताया कि वह पिछले आठ वर्षों से प्रगति होटल के पास स्थित कल्याण फिलिंग स्टेशन पर काम कर रहा है।
सोनू के मुताबिक, वह ड्यूटी पर था, तभी पेट्रोल पंप पर सीएनजी का काम देखने वाला भुवन चंद्र जोशी निवासी खटीमा तीन अन्य अज्ञात लोगों के साथ काले रंग की क्रेटा कार से वहां पहुंचा। आरोप है कि चारों ने आते ही उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। किसी तरह बचकर सोनू पास स्थित प्रगति होटल में जाकर छिप गया।
शिकायतकर्ता ने बताया कि इसके बाद आरोपियों ने पेट्रोल पंप पर मौजूद आशीष सक्सेना निवासी परमानंदपुर को पकड़ लिया और उसके साथ भी गाली-गलौज व हाथापाई की। वहीं, जाते समय हरनाम सिंह निवासी परमानंदपुर को भी भविष्य में जान से मारने की धमकी दी।
सोनू ने आरोप लगाया कि हमलावरों के हाथों में कड़े, पंच और शराब की बोतलें थीं, जिन्हें वे लहरा रहे थे। उसने यह भी बताया कि भुवन चंद्र जोशी एक रात पहले भी शराब के नशे में पेट्रोल पंप पहुंचा था और अपनी बाइक से गिरकर घायल हो गया था। इसके बाद पेट्रोल पंप कर्मियों ने उसे उपचार के लिए सरकारी अस्पताल काशीपुर में मेडिकल परीक्षण के लिए पहुंचाया था।
शिकायत के आधार पर आईटीआई कोतवाली पुलिस ने भुवन चंद्र जोशी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 351(3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एसआई बसंत वल्लभ पंत को सौंपी गई है।
