रुद्रपुर : उत्तराखंड के 27वें राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जनपद मुख्यालय स्थित गांधी पार्क में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और राज्य आंदोलनकारियों ने शहीदों को नमन करते हुए प्रदेश के विकास में योगदान देने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक शिव अरोरा, मेयर विकास शर्मा, दर्जा राज्य मंत्री रामपाल सिंह, उत्तम दत्ता, सुरेश कोली, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला और जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया सहित अन्य अतिथियों ने राज्य आंदोलन के शहीदों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया। इस दौरान राज्य आंदोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की ओर से प्रकाशित विकास पुस्तिका ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ का विमोचन किया गया। वहीं सूचना विभाग की सांस्कृतिक टीम और स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाने का लिया संकल्प

मुख्य अतिथि विधायक शिव अरोरा ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखंड लंबे संघर्ष और अनेक बलिदानों के बाद अस्तित्व में आया है। राज्य निर्माण के आंदोलन में मातृशक्ति की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने आंदोलनकारियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए उत्तराखंड राज्य का गठन किया था।

उन्होंने कहा कि प्रदेश ने 26 वर्षों के सफर में कई उपलब्धियां हासिल की हैं, लेकिन अभी विकास के कई लक्ष्य प्राप्त करना बाकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है और केंद्र सरकार ने प्रदेश को कई महत्वपूर्ण योजनाओं की सौगात दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प के साथ काम कर रही है।

विधायक ने राज्य में आंदोलनकारियों को 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और समान नागरिक संहिता जैसे फैसलों का उल्लेख किया। इसके अलावा रुद्रपुर बाईपास, किच्छा में सेटेलाइट एम्स, स्मार्ट औद्योगिक पार्क, रुद्रपुर में फॉरेंसिक विश्वविद्यालय की स्वीकृति, आधुनिक सर्किट हाउस और पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार जैसी योजनाओं को विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में रेल और सड़क सुविधाओं के विस्तार के साथ हवाई एवं हेली सेवाओं को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। शहीदों के सपनों के अनुरूप उत्तराखंड को देश का नंबर वन राज्य बनाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।

आंदोलनकारियों के संघर्ष को किया याद

पूर्व विधायक राजेश शुक्ला और दर्जा राज्य मंत्री सुरेश कोली ने भी प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान के कारण ही उत्तराखंड राज्य का सपना साकार हो सका। उन्होंने आंदोलनकारियों को 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया।

जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि राज्य निर्माण के समय आंदोलनकारियों ने जिन अपेक्षाओं और आकांक्षाओं के साथ अलग राज्य की मांग की थी, उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करने की अपील करते हुए कहा कि यही राज्य आंदोलन के शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

विभागीय योजनाओं की दी गई जानकारी, लाभार्थियों को बांटे चेक

कार्यक्रम स्थल पर कृषि, उद्यान, समाज कल्याण, ग्राम्य विकास, स्वास्थ्य, पशुपालन, मत्स्य, शिक्षा, बाल विकास, पंचायतीराज, पर्यटन, सहकारिता, आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।

इस अवसर पर पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों, चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं और मैराथन दौड़ में स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रतीक चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी, एपीडी रमा गोस्वामी, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, राज्य आंदोलनकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *