रुद्रपुर : ऊधम सिंह नगर में अवैध कच्ची शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत जिले के चार थाना क्षेत्रों में छापेमारी और चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान 17 आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 456 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। वहीं, सितारगंज क्षेत्र के जंगलों में शराब बनाने वाली 7 भट्टियां नष्ट कर लगभग 7,000 लीटर लहन नष्ट किया गया।
पुलिस के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 को थाना दिनेशपुर, कोतवाली सितारगंज, ट्रांजिट कैंप और नानकमत्ता पुलिस ने अपने-अपने क्षेत्रों में कार्रवाई की। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज किए गए।
सितारगंज के जंगलों में चल रही थीं शराब बनाने की भट्टियां
सितारगंज पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने ग्राम गुर्जर खत्ता और बनकुईया क्षेत्र में चार भट्टियां नष्ट कर करीब 4,000 लीटर लहन नष्ट किया। वहीं, गुरुनानक नगरी और गोठा के जंगलों में तीन अन्य भट्टियां नष्ट कर लगभग 3,000 लीटर लहन नष्ट किया गया।
इस कार्रवाई में संजीत हलदार, धन देवी, राजेन्द्र सिंह, सिमरजीत सिंह, रोशन सिंह, मंगल सिंह, बलविन्दर सिंह, अशोक साना, रघुवीर, प्रिंस और सुजीत राय को गिरफ्तार किया गया।
दिनेशपुर में तीन आरोपी गिरफ्तार
दिनेशपुर पुलिस ने अवैध कच्ची शराब की बिक्री के तीन अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने अर्जुनपुर निवासी जंगीर सिंह के कब्जे से 22 लीटर, जयनगर नंबर-1 निवासी दयाराम से 10 लीटर और खानपुर नंबर-1 निवासी सोमनाथ विश्वास से 11 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। तीनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज किए गए।
ट्रांजिट कैंप में 21 लीटर शराब बरामद
ट्रांजिट कैंप पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर सुभाष कॉलोनी स्थित शिव मंदिर के पीछे खाली मैदान के पास से विश्वजीत कुमार (35 वर्ष) को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 46 पाउच में करीब 21 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
नानकमत्ता में दो आरोपी पकड़े
नानकमत्ता कोतवाली, बिसौटा चौकी और प्रतापपुर चौकी की पुलिस टीमों ने चेकिंग और छापेमारी के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पक्की खमरिया निवासी सुरेन्द्र सिंह उर्फ घुक्की के कब्जे से करीब 52 लीटर और ग्राम हरैया निवासी मंगत सिंह (21 वर्ष) से 40 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
अवैध शराब के कारोबार पर पुलिस की नजर
ऊधम सिंह नगर पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर ऐसे कारोबार पर अंकुश लगाने की बात कही है।
