गदरपुर : ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों के बीच ऊधम सिंह नगर पुलिस विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर रही है। इसी क्रम में थाना गदरपुर पुलिस ने एक विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के तरीके बताए।

एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने विद्यार्थियों को बताया कि छोटी-सी लापरवाही भी साइबर ठगी का कारण बन सकती है। ऐसे में इंटरनेट और सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय सतर्क रहना बेहद जरूरी है।

ओटीपी और बैंकिंग जानकारी किसी से साझा न करें

जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों को समझाया गया कि अपना ओटीपी, एटीएम पिन, बैंक खाते की जानकारी और पासवर्ड किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। अनजान नंबरों से आने वाली संदिग्ध कॉल और मैसेज से सावधान रहें तथा किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।

पुलिस ने सोशल मीडिया पर निजी फोटो, वीडियो और अन्य जानकारी साझा करते समय सावधानी बरतने की अपील की। साथ ही अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने से पहले उनकी पहचान की जांच करने की सलाह दी।

फर्जी नौकरी और इनाम के झांसे से बचें

विद्यार्थियों को ऑनलाइन गेमिंग, फर्जी नौकरी के ऑफर, इनाम और लॉटरी के नाम पर होने वाली साइबर ठगी के बारे में भी जानकारी दी गई। पुलिस ने कहा कि किसी भी लालच में आकर अपनी व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी साझा न करें।

ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत

पुलिस ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है, तो उसे बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करना चाहिए। इसके अलावा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

ऊधम सिंह नगर पुलिस ने विद्यार्थियों से साइबर सुरक्षा नियमों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की। पुलिस के अनुसार, आमजन को साइबर अपराधों से बचाने के लिए जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *