गदरपुर :  मसीत स्थित धर्मकांटे पर हुई मारपीट और फायरिंग के मामले में गदरपुर पुलिस और एसओजी काशीपुर की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और CCTV फुटेज की मदद से दोनों को पकड़ा। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।

मामला 25 सितंबर का है। गदरपुर के वार्ड नंबर-11 निवासी जुम्मा की तहरीर पर पुलिस ने जस रंधावा समेत अन्य के खिलाफ FIR दर्ज की थी। आरोपियों पर BNS की धारा 109(1), 309(6), 351(3) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

घटना के बाद एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर गदरपुर पुलिस और एसओजी काशीपुर की संयुक्त टीम गठित की गई थी। टीम ने आसपास के CCTV फुटेज खंगालने के साथ तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने 1 अक्टूबर को जुगराज सिंह उर्फ जग्गा (30) और आदेश ठाकुर (25) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों से पूछताछ और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

जुगराज के खिलाफ पहले से कई मुकदमे

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी जुगराज सिंह उर्फ जग्गा के खिलाफ ऊधम सिंह नगर के गदरपुर, दिनेशपुर, रुद्रपुर, सितारगंज और पंतनगर थानों के अलावा उत्तर प्रदेश के मोहम्मदी थाने में भी कई मुकदमे दर्ज हैं।

उसके खिलाफ वर्ष 2015 से 2026 तक हत्या के प्रयास, मारपीट, धमकी, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस के अनुसार, जुगराज के खिलाफ एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।

गिरफ्तार आरोपी:

  • जुगराज सिंह उर्फ जग्गा, 30 वर्ष, निवासी मोहनपुर नंबर-1, थाना दिनेशपुर।
  • आदेश ठाकुर, 25 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर-7, गदरपुर। मूल निवासी ग्राम गड़िया रंगीन, थाना दातागंज, बदायूं।

कार्रवाई करने वाली टीम में व0उ0नि0 मदन सिंह बिष्ट, उपनिरीक्षक मोहन सिंह बोहरा, एसओजी काशीपुर के उपनिरीक्षक सुनील सुतेड़ी, कांस्टेबल लक्ष्मण कुमार, रविन्द्र सिंह और दिनेश रावत शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *