मामले में रामा पत्नी नन्दू कोली निवासी रम्पुरा, रुद्रपुर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 12 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11 बजे उनके पति नन्दू कोली काम से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सत्ता चौक के पास कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने उन्हें जमीन पर गिराकर सिर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। उन्हें उपचार के लिए नारायण अस्पताल में भर्ती कराया गया।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने धारा 109/352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
इसी क्रम में 16 नवंबर 2026 को शाम करीब 6:30 बजे रम्पुरा चौकी के गेट के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित कोली (20 वर्ष) पुत्र स्व. हरिप्रसाद और जैकी (20 वर्ष) पुत्र देवकी कोली, निवासी वार्ड नंबर 24, रम्पुरा, रुद्रपुर के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में दोनों ने बताया कि कुछ दिन पहले सत्ता चौक के पास रुपयों के लेन-देन को लेकर उनका नन्दू कोली से विवाद हुआ था। इसी दौरान उन्होंने पास में पड़ी ईंट से नन्दू के सिर पर वार किया था। पुलिस आरोपियों के बयान की पुष्टि करने के साथ ही मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में एसआई धीरज टम्टा और हेड कांस्टेबल राजकुमार सिंह शामिल रहे।
