कालाढूंगी : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कालाढूंगी में आयोजित नारी शक्ति सम्मान समारोह के दौरान क्षेत्र के विकास के लिए छह महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें मिनी स्टेडियम का निर्माण, कालाढूंगी अस्पताल का उच्चीकरण, सड़कों का नवनिर्माण एवं चौड़ीकरण और 200 विद्युत पोलों की स्थापना शामिल है। इसके साथ ही कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए 70 अतिरिक्त महिला जिप्सियों के पंजीकरण की भी घोषणा की गई।
रविवार को राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की उपलब्धियां पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। नारी का सम्मान केवल शब्दों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उसे समान अवसर, निर्णय लेने की स्वतंत्रता और आत्मनिर्भर बनने का पूरा अधिकार मिलना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है। उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जन-धन योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी पहल ने महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम को महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था में महिलाओं की भूमिका और मजबूत होगी।
उत्तराखंड में 3.50 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी
धामी ने बताया कि उत्तराखंड में 71 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से पांच लाख से अधिक ग्रामीण महिलाएं जुड़ी हुई हैं। प्रदेश में लगभग 3.50 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना के तहत करीब 700 महिलाओं को छह करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है।
उन्होंने बताया कि हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड से लगभग 5,500 महिलाएं जुड़ी हैं और इसके माध्यम से अब तक छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री हो चुकी है। सरकार का प्रयास है कि स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाकर महिलाओं की आय बढ़ाई जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। नंदा गौरा योजना के तहत पात्र बेटियों को जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं पास करने के बाद उच्च शिक्षा के लिए 51 हजार रुपये की सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
अंकिता भंडारी प्रकरण पर भी रखी अपनी बात
महिलाओं की सुरक्षा को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता का उल्लेख किया। वहीं अंकिता भंडारी प्रकरण पर उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार की मांग का सम्मान करते हुए राज्य सरकार ने सीबीआई जांच की सिफारिश की है। उन्होंने कहा कि मामले में न्याय की प्रक्रिया के तहत हर सच सामने आना चाहिए और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
कालाढूंगी को मिलेंगी ये विकास सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए छह घोषणाएं करते हुए कहा कि कालाढूंगी में 200 विद्युत पोल स्थापित किए जाएंगे। ग्राम गुजरौड़ा के नवाड़ तोक सैलानी में सड़क का निर्माण होगा और मिनी स्टेडियम बनाया जाएगा। इसके अलावा गोडापड़ाव बाईपास से बजवालपुर-किशनपुर मार्ग का चौड़ीकरण और कालाढूंगी अस्पताल का उच्चीकरण किया जाएगा।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि पर्यटन सत्र 2026-27 में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में महिलाओं को रोजगार देने के उद्देश्य से 70 अतिरिक्त महिला जिप्सियों का पंजीकरण किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इन योजनाओं से क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलेगी और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।
विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट महिलाओं का सम्मान
समारोह में खेल, शिक्षा, कृषि, उद्यान, उद्योग और स्वरोजगार के क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। इनमें अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी संतोषी गुरुरानी, नमिता पाठक, निकिता सिंह, मोनी रावत, चंपा नैनवाल, गीतांजलि, हिना बिष्ट, भार्गवी रावत, डौली बिष्ट और भूमिका जयंतवाल शामिल रहीं।
इसके अलावा लखपति दीदी दमयंती बिष्ट, मशरूम उत्पादन के लिए पदमा बोहरा, एंपण कला के लिए मंजू रौतेला, शिक्षा के क्षेत्र में ममता गुप्ता, कंचन भंडारी और कृषि क्षेत्र में सावित्री गर्जोला सहित अन्य महिलाओं को भी सम्मानित किया गया। वन विभाग की ओर से शिवानी रावत, तनुजा खानायत, डौली, पूजा और रूपा को सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक बंशीधर भगत, सरिता आर्य, दीवान सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, मेयर गजराज बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री सुरेश भट्ट, आईजी निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
