नैनीताल : गांधी जी की मूर्ति के पास घूमने के दौरान गाजियाबाद के एक पर्यटक का पर्स कहीं गिर गया। पर्स में करीब 4 हजार रुपये नकद के साथ एटीएम और क्रेडिट कार्ड भी थे। काफी तलाश के बाद जब पर्स नहीं मिला तो पर्यटक ने तल्लीताल पुलिस से मदद मांगी।
मामला 2 अक्टूबर का है। गाजियाबाद निवासी राहुल चौहान का हरे रंग का हैंडबैग/पर्स तल्लीताल क्षेत्र में गांधी जी की मूर्ति के आसपास कहीं छूट गया था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पर्स की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस ने खोजबीन के बाद पर्स बरामद कर लिया। उसमें रखे नकद रुपये, एटीएम और क्रेडिट कार्ड समेत पूरा सामान सुरक्षित था। जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने पर्स राहुल चौहान को वापस सौंप दिया।
पर्स वापस मिला तो चेहरे पर लौटी खुशी
खोया हुआ सामान वापस मिलने पर राहुल चौहान और उनके साथ मौजूद दुग्गेश ने राहत की सांस ली। दोनों ने तल्लीताल के प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह और पुलिस टीम का आभार जताते हुए उनकी तत्परता की सराहना की।
पुलिस की इस पहल से पर्यटकों के बीच भी मददगार और भरोसेमंद पुलिस की छवि देखने को मिली।
