देहरादून : उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 6 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के विभागों और जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। कार्मिक एवं सतर्कता विभाग की ओर से जारी आदेश के तहत कई अधिकारियों से अतिरिक्त प्रभार वापस लिए गए हैं, जबकि कुछ को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

प्रमुख बदलावों में नितेश कुमार झा से पंचायती राज विभाग का प्रभार वापस ले लिया गया है। वह सचिव, शहरी विकास विभाग की जिम्मेदारी संभालते रहेंगे। वहीं, उमेश नारायण पांडे को सचिव, पंचायती राज विभाग बनाया गया है।

सी. रविशंकर को सैनिक कल्याण विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं, युगल किशोर पंत से सैनिक कल्याण विभाग की जिम्मेदारी वापस ले ली गई है। उनके पास संस्कृति और सचिवालय प्रशासन विभाग के दायित्व बने रहेंगे।

इसके अलावा विनीत कुमार को अल्पसंख्यक कल्याण (देहरादून) और प्रबंध निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण निगम का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वह वर्तमान में अपर सचिव लोक निर्माण, श्रम, आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।

वहीं, दीप्ति सिंह से निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण और प्रबंध निदेशक, अल्पसंख्यक कल्याण निगम का प्रभार वापस ले लिया गया है। वह निदेशक, खेल एवं युवा कल्याण के पद पर बनी रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *