मधु चौहान बोलीं— महिलाओं के सम्मान की बात करने वाली कांग्रेस पहले अपने आचरण पर दे जवाब

देहरादून : कांग्रेस विधायक प्रीतम सिंह के भाइयों और परिजनों से जुड़े कथित वायरल ऑडियो को लेकर उत्तराखंड की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा की वरिष्ठ नेत्री एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान ने इस मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए ऑडियो में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई धमकी भरी भाषा, महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणियों और गाली-गलौज को शर्मनाक बताया है। उन्होंने कहा कि यदि ऑडियो में सामने आए आरोप सही साबित होते हैं, तो यह कांग्रेस की महिला सम्मान और न्याय की राजनीति पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

मधु चौहान ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में महिलाओं का अपमान करना और आम नागरिकों को डराने-धमकाने की मानसिकता किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जा सकती। कांग्रेस को इस पूरे मामले पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए और बताना चाहिए कि महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली कथित भाषा पर उसकी क्या प्रतिक्रिया है।

उन्होंने कहा कि एक ओर कांग्रेस न्याय यात्रा निकालकर न्याय और महिला सम्मान की बात करती है, वहीं दूसरी ओर पार्टी विधायक के परिजनों से जुड़े वायरल ऑडियो को लेकर विवाद सामने आ रहा है। ऐसे में कांग्रेस को पहले अपने आचरण पर जवाब देना चाहिए। महिलाओं के सम्मान की बात केवल राजनीतिक मंचों से करने से नहीं, बल्कि व्यवहार में उसे साबित करने से होती है।

चौहान ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति जागरूक है और वह राजनीतिक पाखंड तथा दोहरे मापदंडों को अच्छी तरह समझती है। लोकतंत्र में असहमति का जवाब धमकी और अभद्र भाषा से देना किसी भी सभ्य राजनीतिक संस्कृति के अनुरूप नहीं है।

उन्होंने मांग की कि वायरल ऑडियो की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि आरोप प्रमाणित होते हैं, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने कांग्रेस से इन आरोपों पर चुप्पी तोड़कर जनता के सामने अपना पक्ष रखने की मांग की।

मधु चौहान ने कहा कि महिलाओं के सम्मान और न्याय की बात करने वाले राजनीतिक दलों को अपने आचरण में भी इन मूल्यों का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि देवभूमि में गुंडागर्दी और अभद्रता के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए और कांग्रेस को इस मामले में जनता के सामने जवाब देना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *