खटीमा : घर में 100 किलोग्राम से अधिक सोना दबा होने का लालच देकर कथित तौर पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने और जमीन हड़पने की साजिश रचने के मामले में खटीमा पुलिस ने चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पूजा-पाठ और तांत्रिक क्रियाओं के नाम पर रकम वसूली गई। इसके अलावा जमीन के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान लेकर धमकियां देने के भी आरोप लगाए गए हैं।

सोने का लालच देकर रकम लेने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, मामले में शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि लक्ष्मण सिंह भाटिया और उसके साथियों ने उसके पिता को उनके घर या जमीन में 100 किलो से अधिक सोना दबा होने की बात कहकर अपने विश्वास में लिया। इसके बाद कथित तांत्रिक क्रियाओं, पूजा-पाठ और अन्य व्यवस्थाओं के नाम पर अलग-अलग किस्तों में बड़ी रकम ली गई।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि जमीन से जुड़े दस्तावेजों पर हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान लिए गए। दस्तावेजों में जमीन के संबंध में करीब 46 लाख और 80 लाख रुपये की रकम दर्ज होने की बात सामने आई है।

बंधक बनाने और धमकी देने के भी आरोप

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसके पिता को कार में ले जाकर बंधक बनाया गया और हथियार दिखाकर डराया गया। साथ ही, बलात्कार के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर दबाव बनाने तथा करीब 10 लाख रुपये नकद लेने का आरोप भी लगाया गया है। शिकायत में जमीन को कम कीमत पर बिकवाने की साजिश का भी जिक्र है।

पुलिस ने मामले में मुकदमा संख्या 308/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 308(6), 127(2), 61(2) और 319(2) के तहत जांच शुरू की।

रेलवे स्टेशन के पास से पकड़े गए आरोपी

एसएसपी ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देश पर खटीमा पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली कि मामले के नामजद आरोपी खटीमा रेलवे स्टेशन के पास कहीं जाने की फिराक में हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने संजय पार्क रेलवे स्टेशन के पास पहुंचकर चारों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:

  • लक्ष्मण सिंह भाटिया (44), निवासी वार्ड नंबर 12, भूड़ महोलिया, खटीमा।
  • विवेक कुमार (47), निवासी बानूसी, झनकट, खटीमा।
  • नन्द किशोर (40), निवासी बण्डिया, खटीमा।
  • शिव सिंह राणा (38), निवासी मोहम्मदपुर भुड़िया, खटीमा।

जमीन के लेन-देन की भी होगी जांच

पुलिस के अनुसार, मामले की विवेचना जारी है। धनराशि के लेन-देन, जमीन से जुड़े दस्तावेजों, कथित धमकियों और जमीन खरीदने वाले व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जाएगी। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कमल कुमार लुण्ठी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक केसी आर्य, उपनिरीक्षक राकेश राय, भुवन गहतोडी और पुलिसकर्मी कमल पाल, सुभाष पाण्डेय, तुलसी प्रसाद भट्ट तथा चालक धनी राम शामिल रहे।

पुलिस ने लोगों से जमीन की खरीद-फरोख्त कानूनी प्रक्रिया के तहत करने और धोखाधड़ी होने पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *