हल्द्वानी : अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ नैनीताल पुलिस का ऑपरेशन प्रहार जारी है। रविवार को हल्द्वानी और लालकुआं क्षेत्र में पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से अंग्रेजी, देसी और कच्ची शराब बरामद हुई।

मंगलपड़ाव में 100 क्वार्टर और 4 हाफ बरामद

कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने घास मंडी मंगलपड़ाव में चेकिंग के दौरान रजत रावत निवासी अंबा विहार, बरेली रोड को पकड़ा। तलाशी में उसके पास से अवैध अंग्रेजी शराब के 100 क्वार्टर और 4 हाफ बरामद हुए।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

दुकान बंद होने के बाद स्कूटी से बेच रहा था शराब

दूसरी कार्रवाई वर्कशॉप लाइन स्थित बरसाती नहर के पास हुई। यहां पुलिस ने गगन सिंह उर्फ अंडा निवासी नैनीताल रोड को स्कूटी के साथ पकड़ा।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी देर रात शराब की दुकानें बंद होने के बाद ओला स्कूटी की डिब्बी में शराब रखकर बिक्री कर रहा था। उसके पास से 48 पव्वे देसी मसालेदार शराब माल्टा और 8 क्वार्टर अंग्रेजी शराब इंपिरियल ब्लू बरामद हुई।

आरोपी के खिलाफ धारा 60/72 आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। शराब के परिवहन में इस्तेमाल स्कूटी को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया।

लालकुआं में 110 पाउच कच्ची शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

इधर, लालकुआं क्षेत्र में बिंदुखत्ता पुलिस ने चेकिंग के दौरान सूरज सिंह निवासी धौराडाम नाजिमाबाद, किच्छा को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसे इमलीघाट बिंदुखत्ता के पास पकड़ा। उसके पास मौजूद सफेद प्लास्टिक के कट्टे से 110 पाउच कच्ची शराब बरामद हुई।

इस मामले में कोतवाली लालकुआं में FIR संख्या 154/26, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

नैनीताल पुलिस के मुताबिक, अवैध शराब की बिक्री और तस्करी पर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *