लखनऊ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ में आयोजित 5वें कौशल दीक्षांत समारोह में देशभर के आईटीआई छात्रों और युवाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भारत के कौशल विकास, रोजगार के नए अवसरों, आधुनिक तकनीक और उत्तर प्रदेश की उपलब्धियों का जिक्र किया। पीएम ने बताया कि कैसे भारत मोबाइल निर्माण से लेकर रक्षा क्षेत्र तक आत्मनिर्भर बन रहा है और देश के युवा इसमें अहम भूमिका निभा रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ‘मैंने दूसरी एक बात कही थी दोस्तों एक साल पहले। मैंने कहा था मैं देशवासियों से आग्रह करता हूँ। 1 साल के लिए अगर जरूरत ना हो तो कृपा करके सोना मत खरीदिए। गोल्ड मत खरीदिए और मुझे खुशी है अगर लाल बहादुर शास्त्री जी ने कहा था देशवासियों को कि एक टाइम खाना छोड़ दो, इस देश ने उनकी बात को माना था। मेरे देश का चरित्र वही है। मेरे जैसे सामान्य व्यक्ति ने कहा कि गोल्ड कम खरीदिए, देशवासियों ने गोल्ड कम खरीदा। गोल्ड के दाम टूट गए। आज लोग मुझे कह रहे हैं, मोदी जी आपने कहा, आपकी बात मानी, हमारे पैसे बच गए। मैं आज एक और बात कहने जा रहा हूं। आप लिख के रखिए, वक्त बदल रहा है। ये कागजी सर्टिफिकेट ले करके कोट-पैंट, टाई पहन करके घूमने वाले लोग, उससे ज्यादा ये हुनर वालों की कद्र होने वाली है। जिसके पास कौशल है, जिसके पास हुनर है, उसकी मांग बढ़ने वाली है। मैं जब सऊदी अरेबिया जाता हूँ, दुबई जाता हूँ, अबू धाबी जाता हूँ, कतर जाता हूँ, कुवैत जाता हूँ, तो वहां के रॉयल फैमिली के लोग एक बात हमेशा कहते हैं कि ये जो हमारे शानदार आधुनिक शहर दिख रहे हैं न आपको, ये हमारे पैसों से नहीं ये हिंदुस्तान के कारीगरों के परिश्रम से बने हैं। ये दुबई की रौनक, ये आबू धाबी के चमचमाता हुआ आबू धाबी, ये सऊदी अरबिया, ये भारत के कारीगरों के हुनर और उनके परिश्रम का परिणाम है। हर रॉयल फैमिली भारत की शक्ति का गौरव गान करती है दोस्तों।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा ‘आज दुनिया में जितनी भी सरकारें हमारे साथ समझौता कर रही हैं, उसमें एक बात उनकी होती है, हमें हर साल 90,000 लोग चाहिए, हमें हर साल 1.5 लाख लोग चाहिए, हमें हर साल 1 लाख लोग चाहिए। आज पूरी दुनिया भारत के लोगों को मांग रही है और कौन चाहिए? यूनिवर्सिटी से निकले हुए नहीं, आईटीआई से निकले हुए लोग चाहिए। जिसके पास कौशल है, जिसके पास हुनर है दुनिया में उसकी मांग बढ़ रही है और इसलिए मैं कह रहा हूं दोस्तों आने वाले 20 साल के बाद वो मूवी की बात नहीं कर रहा हूं मैं 20 साल के बाद विकसित भारत,. 21वीं सदी का भारत कौशल को, स्किल को सम्मान देकर ही आगे बढ़ सकता है। इसलिए बीते वर्षों में हमारी सरकार ने ‘श्रमेव जयते’ की भावना से एक के बाद एक कई कदम उठाए हैं। हमने अलग स्किल मिनिस्ट्री बनाई। वहीं से शुरू किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि साल 2014 के बाद देश में लगभग 5,000 नई आईटीआई स्थापित की गई हैं। इससे आईटीआई में पढ़ने वाले छात्रों की संख्या में 5 लाख से अधिक की बढ़ोतरी हुई है। खास बात यह है कि छात्राओं की भागीदारी भी ढाई गुना से ज्यादा बढ़ी है।

उन्होंने बताया कि अब आईटीआई में पारंपरिक ट्रेड के साथ 30 से अधिक नए जमाने के कोर्स शुरू किए गए हैं। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी, ड्रोन टेक्नोलॉजी, ग्रीन हाइड्रोजन, इंडस्ट्रियल रोबोटिक्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल और सेमीकंडक्टर जैसे आधुनिक क्षेत्र शामिल हैं।

पीएम मोदी ने आईटीआई व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए 60 हजार करोड़ रुपये की पीएम सेतु योजना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इसके तहत पाठ्यक्रम में बदलाव, आधुनिक मशीनों की उपलब्धता, ट्रेनर्स की ट्रेनिंग और उद्योगों के साथ सीधा तालमेल स्थापित किया जाएगा।

उन्होंने युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि बड़े अस्पताल में डॉक्टर कितना भी योग्य क्यों न हो, लेकिन यदि मशीनें चलाने के लिए आईटीआई प्रशिक्षित युवा न हों तो मरीजों का इलाज संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि देश के विकास में हुनरमंद युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

पश्चिम एशिया में युद्ध और होर्मुज जलडमरूमध्य संकट का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने बताया कि सरकार ने ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए शहरी क्षेत्रों में प्रतिदिन एक लाख पीएनजी कनेक्शन देने का लक्ष्य रखा था। लेकिन समीक्षा बैठकों में अधिकारियों ने बताया कि प्लंबरों की कमी के कारण 15 से 23 हजार से अधिक कनेक्शन नहीं दिए जा पा रहे थे। पीएम ने इस उदाहरण के जरिए समझाया कि देश में कुशल कामगारों की कितनी जरूरत है। उन्होंने कहा कि प्लंबिंग से लेकर सोलर पावर सेक्टर तक प्रशिक्षित युवाओं के लिए रोजगार के अपार अवसर हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 12-13 वर्षों में भारत के 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। गरीबों के लिए चार करोड़ घरों का निर्माण, हर घर तक पानी पहुंचाने और गांवों में बिजली कनेक्शन देने जैसे अभियानों से इलेक्ट्रिशियन, कारपेंटर, प्लंबर सहित विभिन्न क्षेत्रों के कुशल कामगारों को रोजगार मिला है।

उन्होंने कहा कि सरकार के प्रयासों से युवाओं के लिए नए अवसर तैयार हुए हैं और भारत दुनिया की स्किल कैपिटल बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उत्तर प्रदेश के युवाओं को बड़ी सौगात देते हुए पीएम मोदी ने घोषणा की कि वर्ष 2027 में भारत वर्ल्ड स्किल्स एशिया प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा। इसका आयोजन ग्रेटर नोएडा में होगा, जिसमें एशिया सहित दुनिया के कई देशों के युवा हिस्सा लेने उत्तर प्रदेश पहुंचेंगे।

उत्तर प्रदेश के विकास का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश एक्सप्रेसवे, इंटरनेशनल एयरपोर्ट, यूनिवर्सिटी, पर्यटन और मोबाइल निर्माण के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। यहां सेमीकंडक्टर निर्माण की दिशा में भी काम हो रहा है। उन्होंने गर्व के साथ कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में दुश्मन की नींद उड़ाने वाली ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण भी अब उत्तर प्रदेश में हो रहा है।

पीएम मोदी ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा का उल्लेख करते हुए वाराणसी की एक फैक्ट्री का अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि वहां काम करने वाली एक युवती ने उन्हें बताया कि अब वह रात 11 बजे तक काम करने के बाद भी सुरक्षित अपने घर लौट आती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह बदलाव उत्तर प्रदेश में बेहतर होती सुरक्षा व्यवस्था को दर्शाता है।

अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री ने देशभर के आईटीआई छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके सामने अवसरों का पूरा आसमान खुला है। युवाओं को बड़े सपने देखने, अपने कौशल को विकसित करने और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी ताकत लगाने की जरूरत है।

उन्होंने भरोसा दिलाते हुए कहा, ‘कभी यह महसूस मत करना कि आप अकेले हैं। जब भी आपको लगे कि आप अकेले हैं, तो सोच लेना कि मैं आपके साथ खड़ा हूं।।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *