हल्द्वानी : प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत हल्द्वानी के 182 परिवारों को बड़ी राहत मिली है। नगर निगम सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में आवास निर्माण के लिए दूसरी किश्त के रूप में एक-एक लाख रुपये की धनराशि ऑनलाइन हस्तांतरित की गई।
मेयर गजराज सिंह बिष्ट ने बताया कि जिन लाभार्थियों ने पहली किश्त की धनराशि का निर्धारित मानकों के अनुसार सदुपयोग किया है, उन्हें दूसरी किश्त जारी की गई है। इससे उनके आवास निर्माण कार्य को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और प्रत्येक पात्र परिवार को सुरक्षित व सम्मानजनक पक्का मकान उपलब्ध कराना है।
मेयर ने लाभार्थियों से अपील की कि जारी की गई धनराशि का उपयोग निर्धारित मानकों के अनुसार करते हुए समय पर आवास निर्माण पूरा करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि योजना की सहायता राशि बिचौलियों या स्थानीय निकायों के माध्यम से नहीं, बल्कि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए भेजी जाती है।
इस दौरान मेयर ने सभी लाभार्थियों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि जल्द ही उनके अपने पक्के घर का सपना साकार होगा और उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।
कार्यक्रम में सामाजिक विकास अधिकारी सुरेश अधिकारी, सहायक अभियंता नवल नौटियाल, पार्षद सचिन, रवि जोशी सहित योजना के लाभार्थी मौजूद रहे।
