काशीपुर : काशीपुर की काशी विश्वनाथ स्टील्स कंपनी के साथ करीब 48.81 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि कंपनी को 82 प्रतिशत शुद्धता वाला स्पंज आयरन भेजने के नाम पर कम गुणवत्ता वाला माल सप्लाई कर दिया गया। मामले में आईटीआई कोतवाली पुलिस ने कंपनी के अधिकारी की तहरीर पर 8 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

काशी विश्वनाथ स्टील्स के अधिकारी विजय प्रताप सिंह ने आईटीआई कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी कंपनी लोहे के सरिये और एंगल आदि का निर्माण करती है। इसके लिए बाहर की फर्मों से रॉ मैटेरियल (स्पंज आयरन) मंगाया जाता है। इसी क्रम में मैसर्स रिलायबल हाईटेक प्राइवेट लिमिटेड की ओर से मां शेरावाली ट्रांसपोर्ट, राउरकेला के माध्यम से स्पंज आयरन भेजा गया था।

विजय प्रताप सिंह के अनुसार, कंपनी को भेजे जाने वाले माल के साथ उसकी टेस्टिंग रिपोर्ट भी दी जाती है। रिलायबल हाईटेक की ओर से भेजे गए माल की रिपोर्ट में शुद्धता 82 प्रतिशत बताई गई थी। लेकिन जब 31 अक्टूबर 2026 को माल कंपनी पहुंचा और उसका सैंपल लेकर जांच कराई गई तो शुद्धता केवल 50 से 60 प्रतिशत पाई गई। इससे माल की गुणवत्ता और उसमें संभावित हेराफेरी को लेकर संदेह पैदा हुआ।

आरोप है कि जब कंपनी की ओर से टेस्टिंग रिपोर्ट रिलायबल हाईटेक प्राइवेट लिमिटेड, बोनाईगढ़, जिला सुंदरगढ़ (ओडिशा) के अधिकृत प्रतिनिधि को दिखाई गई तो उन्होंने माल को अपनी कंपनी का होने से इनकार कर दिया।

इसके बाद कंपनी अधिकारी ने तीन ट्रकों के चालकों और मालिकों से संपर्क किया। इनमें ट्रक चालक अमरवीर सिंह और मालिक पारस साहनी, दिनेश वाष्णेय; दूसरे ट्रक के चालक नारायण सिंह और मालिक सनप्रीत सिंह तथा तीसरे ट्रक के चालक गुरुवचन सिंह और मालिक हरप्रीत सिंह शामिल हैं। आरोप है कि सभी ने माल सही होने की बात कही और मामले में टालमटोल करने लगे।

विजय प्रताप सिंह ने तहरीर में आरोप लगाया कि ट्रक चालकों, मालिकों और मां शेरावाली ट्रांसपोर्ट के स्वामी मिस्टर दास ने आपसी मिलीभगत कर माल बदल दिया। इससे कंपनी को माल और भाड़े सहित कुल 48,81,330 रुपये का नुकसान हुआ। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत करने पर संबंधित लोग उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।

कंपनी अधिकारी ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। आईटीआई कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर 8 लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एसआई अरविंद बहुगुणा को सौंपी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *