काशीपुर : काशीपुर सहित पूरे उत्तराखंड के जमीन कारोबारियों, रियल एस्टेट कारोबारियों, निवेशकों और आम ग्राहकों के लिए राहत भरी खबर है। भूमि उपयोग परिवर्तन (लैंड यूज कन्वर्जन) शुल्क में की गई भारी बढ़ोतरी को लेकर नगर निगम काशीपुर के मेयर दीपक बाली द्वारा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष उठाई गई मांग को स्वीकार कर लिया गया है। अब कमर्शियल भूमि पर लगने वाला कन्वर्जन शुल्क 150 प्रतिशत से घटाकर पूर्व की भांति 15 प्रतिशत कर दिया गया है।
भले ही यह मांग काशीपुर के व्यापारियों की ओर से मेयर दीपक बाली के माध्यम से उठाई गई थी, लेकिन मुख्यमंत्री के इस फैसले का लाभ अब पूरे उत्तराखंड के व्यापारियों और ग्राहकों को मिलेगा। सरकार के इस निर्णय से काशीपुर समेत प्रदेशभर के व्यापारिक और व्यावसायिक क्षेत्रों में खुशी की लहर है। मेयर दीपक बाली सहित भू-व्यवसाय से जुड़े कारोबारियों ने मुख्यमंत्री के इस फैसले का स्वागत करते हुए उनका आभार जताया है।
उल्लेखनीय है कि भूमि उपयोग परिवर्तन एवं उच्चीकरण शुल्क को पूर्व निर्धारित 15 प्रतिशत से बढ़ाकर 100 प्रतिशत और कमर्शियल उपयोग के लिए 150 प्रतिशत किए जाने के बाद प्रदेशभर के भू-व्यापारियों, रियल एस्टेट कारोबारियों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और खरीदारों में भारी निराशा थी। इस बढ़ोतरी से कारोबारियों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया था। अपनी इस समस्या को लेकर काशीपुर के व्यापारी पिछले माह मेयर दीपक बाली से मिले थे। इस दौरान मेयर ने उन्हें आश्वासन दिया था कि वह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर इस समस्या के समाधान का अनुरोध करेंगे।
अपने इसी वादे को पूरा करने के लिए मेयर दीपक बाली 31 अक्टूबर को देहरादून पहुंचे और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर उन्हें व्यापारियों की समस्या से अवगत कराया। उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र सौंपकर बढ़ाए गए शुल्क को वापस लेने का अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री ने भी इस पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया था।
इसी क्रम में देहरादून में आयोजित कैबिनेट बैठक में सरकार ने व्यापारियों और ग्राहकों के हितों को ध्यान में रखते हुए बढ़ाए गए कन्वर्जन शुल्क को घटाकर फिर से 15 प्रतिशत करने का निर्णय लिया। मुख्यमंत्री के इस फैसले से काशीपुर ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के भू-व्यापारियों और रियल एस्टेट कारोबारियों को बड़ी राहत मिली है।
अब पार्किंग शुल्क खत्म कराने की मांग
वहीं, लोगों ने अब मेयर दीपक बाली से एक और बड़ी समस्या का समाधान कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि जिस तरह मेयर ने प्रयास कर कन्वर्जन शुल्क 150 प्रतिशत से घटवाकर 15 प्रतिशत करवाया है, उसी तरह कुमाऊं के मैदानी क्षेत्रों में दुकानों के नक्शे पास कराने के दौरान लगाए जा रहे भारी-भरकम पार्किंग शुल्क से भी राहत दिलवाएं।
लोगों के मुताबिक, दुकानों के नक्शे पास कराने के लिए न्यूनतम 50 हजार रुपये और इसके बाद वर्गफीट के हिसाब से पार्किंग शुल्क लिया जा रहा है। इससे उन आम व्यापारियों पर भी अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है, जो अपनी पुरानी दुकान या दुकान के लिए खरीदे गए प्लॉट पर नया निर्माण कराना चाहते हैं।
अब व्यापारियों और आम लोगों को उम्मीद है कि मेयर दीपक बाली इस समस्या को भी मुख्यमंत्री के सामने उठाकर पार्किंग शुल्क समाप्त कराने की पहल करेंगे, ताकि छोटे और मध्यम व्यापारियों को भी राहत मिल सके।
