हल्द्वानी : एसपी हरबंस सिंह ने हल्द्वानी के एसपी सिटी का कार्यभार संभाल लिया है। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने शहर की कानून व्यवस्था, यातायात व्यवस्था और जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान को अपनी प्राथमिकताओं में रखा है।
एसपी सिटी हरबंस सिंह ने कहा कि थानों और चौकियों पर अपनी शिकायत लेकर पहुंचने वाले लोगों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना जाएगा। उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों और चौकी इंचार्जों को शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए हैं।
ट्रैफिक व्यवस्था पर रहेगा खास ध्यान
हल्द्वानी शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। इसके लिए थाना और चौकी पुलिस के जवानों को भी जरूरत के अनुसार ट्रैफिक व्यवस्था संभालने में लगाया जाएगा।
लंबित मामलों के जल्द खुलासे पर जोर
एसपी सिटी ने कहा कि ऐसे अपराध जिनका अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है, उनकी जांच में तेजी लाई जाएगी। साथ ही पुलिस मुख्यालय, रेंज और वरिष्ठ अधिकारियों की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
कई महत्वपूर्ण जगहों पर दे चुके हैं सेवाएं
हरबंस सिंह 2009 बैच के पीपीएस अधिकारी हैं। इससे पहले वह पौड़ी, देहरादून, नरेंद्रनगर पीटीसी, नैनीताल, चमोली, एसडीआरएफ, एसपी विजिलेंस (हाइडिल), एसपी सिटी हल्द्वानी, एसपी क्राइम नैनीताल और अल्मोड़ा समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दे चुके हैं।
