देहरादून : उत्तराखंड में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) नेटवर्क को तेजी से विस्तार देने की तैयारी है। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सोमवार को सचिवालय में PNG पाइपलाइन और कनेक्शन के काम की समीक्षा की और अधिकारियों व गैस कंपनियों को काम तेज करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि बारिश का मौसम खत्म होते ही सड़क खुदाई की अनुमति मिलने पर पाइपलाइन बिछाने का काम युद्धस्तर पर शुरू किया जाए। हरिद्वार में कुंभ-2027 से पहले PNG से जुड़े सभी जरूरी काम हर हाल में पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने सभी जिलों में गैस एजेंसियों को अपनी कार्ययोजना तैयार करने को कहा। साथ ही नई सड़कों और अन्य निर्माण कार्यों की योजना बनाते समय ही PNG पाइपलाइन के लिए प्रावधान करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में सड़कों को बार-बार खोदने की जरूरत न पड़े।

बैठक में PNG इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए भूमि आवंटन, किराये और लीज से जुड़ी स्पष्ट नीति तैयार करने पर भी जोर दिया गया। मुख्य सचिव ने प्रस्तावित नीति में रोड कटिंग और रोड डिगिंग से जुड़े प्रावधान शामिल करने को कहा। सड़क खुदाई के बाद सार्वजनिक परिसंपत्तियों को निर्धारित मानकों के अनुसार जल्द बहाल करने के भी निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने सभी एजेंसियों को हर सप्ताह के लक्ष्य तय कर काम की प्रगति की समीक्षा करने को कहा। उन्होंने भारत सरकार की गोवर्धन योजना के तहत मिलने वाली सब्सिडी का लाभ उठाने के लिए भी प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।

बैठक में अपर सचिव रूचि मोहन रयाल, जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा, आयुक्त खाद्य एवं आपूर्ति बीएल राणा, अपर आयुक्त पीएस पांगती सहित विभिन्न जिलों के अधिकारी और गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *