भवाली : माँ नन्दा देवी महोत्सव के तहत 16 सितंबर को कदली वृक्ष स्थापना और 23 सितंबर को डोला विसर्जन व झांकी के दौरान भवाली में श्रद्धालुओं और वाहनों की भारी भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने यातायात डायवर्जन प्लान जारी किया है। दोनों दिनों में भवाली बाजार क्षेत्र में भारी और यात्री वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
पुलिस के मुताबिक, भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा।
रामगढ़-घोड़ाखाल की ओर से आने वाले वाहन
रामगढ़ और घोड़ाखाल की ओर से मैदानी क्षेत्रों या नैनीताल जाने वाले वाहनों को आवश्यकता पड़ने पर श्यामखेत से डायवर्ट कर घोड़ाखाल मंदिर, घोड़ाखाल तिराहा और नैनी बैंड प्रथम होते हुए गंतव्य की ओर भेजा जाएगा।
भवाली बाजार में अनावश्यक वाहनों का प्रवेश नियंत्रित रहेगा।
खैरना-कैंची की ओर से आने वाले वाहन
खैरना और कैंची की ओर से मैदानी क्षेत्रों या नैनीताल जाने वाले वाहनों को शिप्रा पुल भवाली से डायवर्ट कर सैनेटोरियम बाईपास से भेजा जाएगा।
मुक्तेश्वर और भीमताल जाने वाले वाहनों को यातायात की स्थिति के अनुसार नैनी बैंड द्वितीय-नैनी बैंड प्रथम मार्ग से संचालित किया जाएगा।
नैनीताल-ज्योलीकोट की ओर से आने वाले वाहन
नैनीताल और ज्योलीकोट से अल्मोड़ा या रानीखेत जाने वाले वाहनों को नैनी बैंड द्वितीय से सैनेटोरियम बाईपास होते हुए शिप्रा पुल भवाली की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
मुक्तेश्वर और भीमताल जाने वाले वाहनों के लिए भी यातायात की स्थिति के अनुसार नैनी बैंड द्वितीय-नैनी बैंड प्रथम मार्ग का इस्तेमाल कराया जाएगा।
भीमताल की ओर से आने वाले वाहन
भीमताल से अल्मोड़ा, रानीखेत या कैंची धाम जाने वाले वाहनों को नैनी बैंड प्रथम से सैनेटोरियम बाईपास होते हुए शिप्रा पुल भवाली की ओर भेजा जाएगा। इसके बाद निर्धारित डायवर्जन मार्ग से वाहनों को उनके गंतव्य की ओर रवाना किया जाएगा।
इमरजेंसी वाहनों के लिए रहेगी विशेष व्यवस्था
पुलिस ने बताया कि एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन, पुलिस वाहन, आपदा राहत एवं बचाव दल और जरूरी खाद्य सामग्री, दूध आदि की आपूर्ति करने वाले वाहनों के लिए सुरक्षित और निर्बाध कॉरिडोर उपलब्ध कराया जाएगा। आपात स्थिति में पुलिस और यातायात कर्मी ऐसे वाहनों को प्राथमिकता से रास्ता उपलब्ध कराएंगे।
इन जगहों पर करें पार्किंग
वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे अपने वाहन नगरपालिका मैदान भवाली और रोडवेज पार्किंग भवाली में निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें।
मुख्य बाजार और आयोजन स्थल के आसपास सड़क किनारे पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। भीड़ बढ़ने पर यातायात को जरूरत के अनुसार कुछ समय के लिए रोका या डायवर्ट भी किया जा सकता है।
16 और 23 सितंबर को लागू रहेगा प्लान
नैनीताल पुलिस के अनुसार यह यातायात डायवर्जन व्यवस्था 16 सितंबर 2026 और 23 सितंबर 2026 को कार्यक्रम और भीड़ की स्थिति के अनुसार लागू रहेगी। वास्तविक यातायात स्थिति को देखते हुए पुलिस अधिकारी आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त डायवर्जन या व्यवस्था में आंशिक बदलाव कर सकते हैं।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे डायवर्जन प्लान का पालन करें, पुलिस और यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करते हुए निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से ही आवागमन करें और अनावश्यक रूप से भवाली बाजार में प्रवेश न करें।
