हल्द्वानी : दिल्ली से ससुर की बुलेट मोटरसाइकिल लेकर काठगोदाम पहुंचे 42 वर्षीय युवक का गुलाबघाटी के पास हादसा हो गया। हनुमान मंदिर के समीप बाइक पैराफिट से टकराने के बाद युवक गहरी खाई में जा गिरा। सूचना मिलते ही काठगोदाम पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कर घायल को बाहर निकाला। इसके बाद उसे उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना 9 सितंबर 2026 की रात करीब 1:07 बजे की है। काठगोदाम थाना पुलिस को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि गुलाबघाटी में हनुमान मंदिर के पास एक बुलेट दुर्घटनाग्रस्त हालत में पड़ी है, लेकिन उसका चालक मौके पर नहीं है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। तलाश के दौरान भद्यूनी जाने वाले मार्ग के पास बुलेट मोटरसाइकिल संख्या DL 8 SDS 5488 क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली। राहगीरों से पूछताछ करने पर पता चला कि बाइक सवार पैराफिट से टकराने के बाद नीचे गधेरे में गिर गया है।
पुलिस कर्मियों ने टॉर्च की रोशनी में खाई में तलाश की तो युवक पेड़ और झाड़ियों में फंसा हुआ दिखाई दिया। टीम ने तत्काल रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित बाहर निकाला और पीसी-04 वाहन से सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के मुताबिक घायल युवक नशे की हालत में प्रतीत हो रहा था और बोल नहीं पा रहा था, हालांकि वह होश में था। डॉक्टरों ने उसके पैर में चोट बताई है और उसकी हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।
ई-चालान एप से वाहन की जांच करने पर बुलेट दारा सिंह पुत्र भगवान दास, निवासी नेहरू एन्क्लेव, अलीपुर, नई दिल्ली के नाम पंजीकृत मिली। वाहन स्वामी से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि बाइक उनके दामाद भूपेश कुमार (42), पुत्र चंद्र प्रकाश, निवासी रोहिणी, दिल्ली लेकर काठगोदाम आए थे।
पुलिस की तत्परता के चलते घायल युवक को समय रहते खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे उसकी जान बचाने में मदद मिली।
