नैनीताल : भीमताल क्षेत्र में बेसहारा और निराश्रित गौवंश को बेहतर आश्रय देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। सिलौटी पंत, नौकुचियाताल में गौशाला निर्माण के लिए एक हेक्टेयर भूमि नगर पालिका परिषद भीमताल को निशुल्क हस्तांतरित करने की मंजूरी मिल गई है।

यह निर्णय कैबिनेट मंत्री एवं भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा की पहल के बाद लिया गया है। सरकार की ओर से भूमि हस्तांतरण को लेकर आदेश भी जारी कर दिया गया है। अब नगर पालिका परिषद भीमताल गौशाला के निर्माण और संचालन की जिम्मेदारी संभालेगी।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि सरकार गौवंश के संरक्षण और संवर्धन को लेकर गंभीर है। नई गौशाला बनने से बेसहारा पशुओं को सुरक्षित स्थान मिलने के साथ उनके स्वास्थ्य और देखभाल की बेहतर व्यवस्था हो सकेगी।

उन्होंने कहा कि गौशाला बनने से सड़कों पर घूमने वाले आवारा पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है। साथ ही किसानों की फसलों को होने वाले नुकसान को भी कम किया जा सकेगा।

मंत्री कैड़ा ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। वहीं, स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने भी सरकार के इस कदम का स्वागत करते हुए इसे गौवंश संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *