नैनीताल : मां नंदा-सुनंदा देवी महोत्सव-2026 में प्राण प्रतिष्ठा के बाद श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ रही है। बड़ी संख्या में लोग माता के दर्शन के लिए नैनीताल पहुंच रहे हैं। भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यवस्थाएं बढ़ा दी हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में पुलिस की टीमें मेला क्षेत्र से लेकर प्रमुख मार्गों तक लगातार तैनात हैं। पुलिस अधिकारियों द्वारा मेला कमेटी के साथ समन्वय कर भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
कंट्रोल रूम और CCTV से मेले पर नजर
मेला क्षेत्र में कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां से व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। इसके अलावा खोया-पाया केंद्र भी स्थापित किया गया है, ताकि मेले में किसी बच्चे, बुजुर्ग या अन्य व्यक्ति के परिजनों से बिछड़ने पर उन्हें सुरक्षित मिलाया जा सके।
मेला क्षेत्र और आसपास के महत्वपूर्ण स्थानों पर लगे CCTV कैमरों से भी निगरानी की जा रही है। भीड़भाड़ वाले स्थानों, प्रवेश-निकास मार्गों और संवेदनशील इलाकों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
सड़क पर भी पुलिस की नजर, जाम लगते ही संभाल रहे ट्रैफिक
श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए यातायात व्यवस्था पर भी पुलिस की नजर है। नैनीताल रोड या अन्य मार्गों पर यातायात प्रभावित होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर व्यवस्था संभाल रही है।
पुलिसकर्मी मेला क्षेत्र के साथ-साथ सड़कों पर भी लगातार तैनात हैं, ताकि भीड़ और वाहनों की आवाजाही को सुचारू रखा जा सके।
श्रद्धालुओं से पुलिस ने की सहयोग की अपील
नैनीताल पुलिस ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि वे भीड़ में धैर्य बनाए रखें और पुलिस-प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। लोगों से अपने सामान और कीमती वस्तुओं का ध्यान रखने के साथ छोटे बच्चों और बुजुर्गों को अकेला न छोड़ने की अपील की गई है।
किसी बच्चे, बुजुर्ग या परिजन के बिछड़ने पर तत्काल खोया-पाया केंद्र से संपर्क करने को कहा गया है। पुलिस का कहना है कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और उन्हें मां नंदा-सुनंदा के सुगम दर्शन कराना प्राथमिकता है।
