हल्द्वानी : नैनीताल पुलिस ने करीब दो साल से फरार चल रहे लूट के एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी था। हीरानगर चौकी पुलिस ने वारंट की तामील करते हुए आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जिले में लंबे समय से फरार चल रहे वांछित और वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत चौकी हीरानगर पुलिस टीम को यह सफलता मिली।

पुलिस के मुताबिक, अजय कुमार पुत्र कुन्दन राम, निवासी वार्ड नंबर-01, डाक बंगला बंदोबस्ती, कालाढूंगी, नैनीताल, उम्र करीब 25 वर्ष, के खिलाफ फौजदारी वाद संख्या 851/2022 में धारा 392/411 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज है। आरोपी पिछले करीब दो वर्षों से फरार चल रहा था।

न्यायालय द्वारा आरोपी के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किए जाने के बाद पुलिस टीम ने उसकी तलाश शुरू की। संभावित ठिकानों पर दबिश देने के बाद पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस टीम में शामिल रहे :

  • उपनिरीक्षक संजीत राठौड़, चौकी प्रभारी हीरानगर
  • हेड कांस्टेबल मनोज कुमार
  • कांस्टेबल गिरीश
  • कांस्टेबल अमनदीप, कालाढूंगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *