देहरादून : कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और आम लोगों को पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कमी का सामना न करना पड़े, इसके लिए जिला प्रशासन ने जरूरी इंतजाम शुरू कर दिए हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देश पर जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने ऋषिकेश क्षेत्र के सभी पेट्रोल पंप और गैस एजेंसी संचालकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की आपूर्ति किसी भी हालत में बाधित नहीं होनी चाहिए। सभी गैस एजेंसियों को घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक रखने तथा उपभोक्ताओं तक समय पर गैस पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यात्रा अवधि के दौरान रविवार को भी सभी गैस एजेंसियां खुली रहेंगी, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए कि सभी डिलीवरी वाहनों पर एजेंसी का स्पष्ट बैनर लगाया जाए। प्रत्येक वाहन में अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) और गैस सिलेंडर तौलने का कांटा अनिवार्य रूप से मौजूद रहे। साथ ही सभी डिलीवरी कर्मियों के लिए यूनिफॉर्म और पहचान पत्र (आईडी कार्ड) रखना भी जरूरी होगा।

जिला पूर्ति अधिकारी ने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान सभी पेट्रोल पंप 24 घंटे संचालित किए जाएं और पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखा जाए, ताकि श्रद्धालुओं, आपातकालीन सेवाओं और आम नागरिकों को निर्बाध ईंधन मिल सके।

बैठक में पेट्रोल पंप और गैस एजेंसी संचालकों ने सुझाव दिया कि ईंधन और गैस के टैंकरों की निर्बाध आवाजाही के लिए कांवड़ यात्रा के दौरान प्रतिदिन रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक मार्ग खुला रखा जाए, जिससे आवश्यक आपूर्ति समय पर विभिन्न केंद्रों तक पहुंचाई जा सके।

प्रशासन ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं, स्थानीय नागरिकों और आवश्यक सेवाओं को ईंधन एवं रसोई गैस की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में वरिष्ठ पूर्ति निरीक्षक सुनील देवली, संजीव कुमार गोयल, अनिरुद्ध गोयल, अशोक जैन, सुनील अग्रवाल, नवनीत नागलिया, दिवंबर प्रसाद लखेड़ा, मुकुल दलाल, कमल सिंह सहित कई व्यवसायी और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *