देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के पुरुकुल में 17 करोड़ 80 लाख रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष स्वर्गीय दीपक पुंडीर की स्मृति में बने सामुदायिक भवन का भी लोकार्पण किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएं मसूरी विधानसभा के विकास को नई गति देंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के स्वर्णिम दौर की ओर बढ़ रहा है और प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल तथा आधारभूत ढांचे को लगातार मजबूत किया जा रहा है।
मसूरी बनेगी पर्यटन और एडवेंचर हब
सीएम धामी ने कहा कि मसूरी देश के प्रमुख पर्यटन और वेडिंग डेस्टिनेशन में शामिल है। यहां की प्राकृतिक सुंदरता स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देती है। उन्होंने बताया कि पुरुकुल में सैन्य धाम का निर्माण किया जा रहा है, जबकि मसूरी रोपवे के लोअर टर्मिनल तक लगभग 13 किलोमीटर सड़क का उच्चीकरण किया जा रहा है। साथ ही जल जीवन मिशन के तहत गंगोल-पंडितवाड़ी पेयजल योजना से कई गांवों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया गया है।
सड़क, बिजली और बाढ़ सुरक्षा पर जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि मालदेवता लाल पुल से सिल्ला-मोलधार होते हुए सुआखोली तक सड़क को सीआरएफ योजना के तहत मजबूत किया जा रहा है। ग्राम पंचायत रिखोली के सोलाह गांव में विद्युतीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। वहीं सहस्त्रधारा में बाल्दी नदी के दोनों किनारों और न्यू कैंट रोड क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा कार्य भी कराए जा रहे हैं।
‘हर वादा बिना रुके, बिना थके पूरा कर रहे हैं’
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार अपने हर वादे को धरातल पर उतारने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग अफवाह फैलाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि सरकार विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है।
कड़े कानून और रोजगार पर सरकार का फोकस
सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने धर्मांतरण विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता (यूसीसी), दंगा कर सार्वजनिक या निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से वसूली का कानून और नकल विरोधी कानून लागू किए हैं। उन्होंने दावा किया कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के जरिए अब तक 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिल चुकी है।
उन्होंने कहा कि नई स्टार्टअप नीति, एक जनपद दो उत्पाद, हाउस ऑफ हिमालयाज, होम स्टे योजना, वेड इन उत्तराखंड और सौर स्वरोजगार योजना जैसी पहल से युवाओं को अपने ही प्रदेश में रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। सरकार का लक्ष्य ऐसा उत्तराखंड बनाना है, जहां रोजगार के लिए युवाओं को पलायन न करना पड़े और महिलाएं पूरी तरह आत्मनिर्भर बन सकें।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी सहित कई जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
