सितारगंज : शादी का भरोसा देकर महिला से शारीरिक संबंध बनाने और बाद में विवाह से पीछे हटने के आरोप में सितारगंज पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

पुलिस के अनुसार, महिला की शिकायत पर कोतवाली सितारगंज में मु0अ0सं0 384/26, धारा 69 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान महिला के बयान और सामने आए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला सही पाया।

शक्तिफार्म में हुई थी दोनों की मुलाकात

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब एक साल पहले वह बरुवाबाग, शक्तिफार्म में काम करता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात महिला से हुई थी। आरोपी ने दोनों के बीच पहले से परिचय और आपसी संबंध होने की बात भी पुलिस को बताई।

पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच विवाह को लेकर बातचीत भी हुई थी। बाद में किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और आरोपी ने विवाह करने से इनकार कर दिया।

महिला ने आरोप लगाया कि प्रेम संबंध के दौरान आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में जब शादी की बात आई तो वह विवाह से पीछे हट गया और महिला से संपर्क तोड़ लिया।

घर पर दबिश देकर गिरफ्तारी

मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी के निवास स्थान पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाल कुमार (26) पुत्र राम प्रताप, निवासी जोशी कॉलोनी, थाना न्यूरिया, जनपद पीलीभीत के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस टीम

  • प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा
  • उपनिरीक्षक बबीता टम्टा
  • कांस्टेबल पंकज बसेड़ा
  • कांस्टेबल सुनील पाठक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *