दिनेशपुर : समाजोत्थान उच्च माध्यमिक विद्यालय में हुई चोरी का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी हुआ पूरा सामान बरामद किया है। बरामद सामान में CCTV DVR, एम्प्लीफायर, तीन स्पीकर, इन्वर्टर और SNPS डिवाइस शामिल हैं।
मामला 29 सितंबर का है। विद्यालय के प्रधानाचार्य वीरेश कुमार ने दिनेशपुर थाने में शिकायत दी थी कि अज्ञात चोर स्कूल में घुसकर CCTV DVR समेत कई सामान चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
बेचने की फिराक में थे चोरी का सामान
चोरी के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने आसपास के इलाकों में सुरागरसी शुरू की। 30 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि चोरी में शामिल लोग माल बेचने की कोशिश में महतोष-मकरंदपुर रोड पर नदी किनारे मौजूद हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर विजय सरकार (25) और राजेश सरकार (27) को पकड़ लिया। दोनों टेकपाड़ा, वार्ड नंबर-9, दिनेशपुर के रहने वाले हैं। तलाशी के दौरान उनके पास से विद्यालय से चोरी हुआ पूरा सामान बरामद हो गया।
नशे के लिए की थी चोरी
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे के लिए पैसों की जरूरत होने पर दोनों ने मिलकर स्कूल में चोरी की थी।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में BNS की धारा 317(2) भी बढ़ाई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी मामले दर्ज हैं।
विजय सरकार के खिलाफ आबकारी अधिनियम, चोरी, आर्म्स एक्ट और NDPS एक्ट से जुड़े सात पुराने मुकदमे दर्ज हैं। वहीं राजेश सरकार के खिलाफ भी चोरी का एक मामला पहले से दर्ज बताया गया है।
यह सामान हुआ बरामद
- CCTV DVR
- एम्प्लीफायर
- 3 स्पीकर
- इन्वर्टर
- SNPS डिवाइस
कार्रवाई करने वाली टीम में एएसआई जीवन चंद्र जोशी, हेड कांस्टेबल कृपाल बोरा और कांस्टेबल महेंद्र सिंह शामिल रहे।
