देहरादून : बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच बढ़ाने और बाल लिंगानुपात में सुधार के लिए जिले के सभी शिक्षण संस्थानों में 15 अगस्त को ‘कन्या भ्रूण संरक्षण प्रतिज्ञा’ दिलाई जाएगी। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को इस संबंध में जरूरी निर्देश दिए हैं।
निर्देशों के तहत जिले के सभी डिग्री कॉलेजों, विद्यालयों और अन्य शिक्षण संस्थानों में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों को यह प्रतिज्ञा दिलाई जाएगी।
प्रतिज्ञा के जरिए विद्यार्थियों और शिक्षकों को लिंग भेदभाव और कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाने का संकल्प दिलाया जाएगा। साथ ही बेटियों को बेटों के समान प्यार, पोषण, सुरक्षा और आगे बढ़ने के अवसर देने की बात कही जाएगी।
इसके अलावा बेटियों की शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वावलंबन के लिए प्रयास करने तथा ऐसा सामाजिक माहौल तैयार करने का संकल्प भी लिया जाएगा, जहां हर बेटी खुद को सुरक्षित महसूस करे और सम्मान के साथ जीवन जी सके।
जिला प्रशासन ने सभी शिक्षण संस्थानों से अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और अधिक से अधिक विद्यार्थियों, शिक्षकों व कर्मचारियों को कन्या भ्रूण संरक्षण के प्रति जागरूक करने की अपील की है।
