देहरादून : खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावट पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने देहरादून और मसूरी मार्ग स्थित बड़े होटलों में विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान ताज होटल, फेयरफील्ड, जेडब्ल्यू मैरियट, हयात सेंट्रिक और हयात रीजेंसी समेत कई प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई।

आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड विनय शंकर पांडे के निर्देश पर चलाए गए अभियान के दौरान अधिकारियों ने होटलों की रसोई, भंडार कक्ष, खाद्य सामग्री के रखरखाव, कच्चे माल की गुणवत्ता, पैकबंद खाद्य सामग्री और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

जांच के दौरान हयात रीजेंसी से मसालों और जेडब्ल्यू मैरियट से तैयार दाल के नमूने लिए गए। इन नमूनों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा हयात रीजेंसी के भंडार में रखे गुलकंद, आयातित अजवायन और सौंफ के पैकबंद उत्पादों के संबंध में संबंधित निर्माताओं से जरूरी दस्तावेज और गुणवत्ता संबंधी जानकारी मांगी गई है। इस मामले में विभाग की कार्रवाई जारी है।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने होटल प्रबंधन को खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के सभी निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही खाद्य सामग्री की खरीद, भंडारण और उपयोग में विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।

आयुक्त विनय शंकर पांडे ने कहा कि प्रदेश की जनता को सुरक्षित, शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के साथ किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा के नियम छोटे-बड़े सभी प्रतिष्ठानों पर समान रूप से लागू होते हैं।

उन्होंने अधिकारियों को होटल, रेस्टोरेंट, डेयरी, मिठाई की दुकानों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित और अचानक जांच जारी रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी प्रयोगशाला जांच की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने को कहा है।

विभाग के अनुसार, यह जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। देहरादून समेत पूरे जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों की अचानक जांच, नमूना लेने और गुणवत्ता परीक्षण की कार्रवाई लगातार की जाएगी। प्रयोगशाला रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

अभियान में उपायुक्त गढ़वाल मंडल राजेंद्र रावत, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मनीष सयाना, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम क्षेत्र रमेश सिंह, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी ऋषिकेश संतोष कुमार सिंह समेत खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *