देहरादून : मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में गुरुवार को सचिवालय में स्प्रिंग एंड रिवर रेज्युविनेशन अथॉरिटी (SARRA) की उच्च स्तरीय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में भूमिगत जल रिचार्ज पर विशेष फोकस करते हुए सारा को ग्राउंड वाटर रिचार्ज पॉलिसी तैयार करने के निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने गैर-सरकारी संस्थानों और आवासीय सोसायटियों में वर्षा जल संरक्षण के लिए भूजल रिचार्ज नीति तैयार करने को कहा, ताकि इसे प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके। साथ ही, पौराणिक एवं सांस्कृतिक महत्व के धारे-नौलों के संरक्षण और जीर्णोद्धार के प्रस्ताव जनपदों से शीघ्र भेजने के निर्देश भी दिए। बैठक में नदी पुनर्जीवीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रदेश के लिए जल्द एसओपी तैयार करने तथा ‘एक जनपद, एक नदी’ परियोजना के प्रस्तावों पर शीघ्र कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए। बड़े प्रोजेक्ट्स को विभिन्न विभागों के समन्वय (कन्वर्जेंस) से पूरा करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में सारा की 86 परियोजनाएं विभिन्न जनपदों में संचालित हैं, जबकि उत्तरकाशी, नैनीताल और टिहरी की 16 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं। बैठक में प्रमुख सचिव एल. फैनई, सचिव दिलीप जावलकर, रणवीर सिंह चौहान, सी. रविशंकर, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं विभिन्न तकनीकी संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
