देहरादून : देहरादून शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने और पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को माइक्रो लेवल प्लान तैयार कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य करें।
मोबिलिटी प्लान के तहत आयोजित समीक्षा बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था, पार्किंग स्थलों के बेहतर उपयोग, लंबित निर्माण कार्यों तथा विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में आढ़त बाजार क्षेत्र में यातायात सुधार, जंक्शन इम्प्रूवमेंट, इंदिरा मार्केट पुनर्विकास, मंडी शिफ्टिंग, परेड ग्राउंड पार्किंग और रामराय पार्किंग सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने आढ़त बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुधार के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही लोक निर्माण विभाग को प्रमुख चौराहों के सुधारीकरण और सौंदर्यीकरण की प्रभावी कार्ययोजना बनाकर कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा, ताकि यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सके।
बैठक के दौरान इंदिरा मार्केट में निर्माणाधीन मल्टीलेवल पार्किंग परियोजना की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। अधिकारियों ने बताया कि यहां लगभग 1050 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग विकसित की जा रही है। जिलाधिकारी ने एमडीडीए अधिकारियों को कार्यदायी संस्था के साथ बैठक कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने और निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने पार्किंग स्थलों की नियमित मॉनिटरिंग व्यवस्था विकसित करने पर भी जोर दिया, जिससे अनावश्यक जाम की स्थिति कम हो और लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सके।
नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के तहत जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक यातायात और नगर निगम को यातायात सुधार, प्रदूषण नियंत्रण, बेहतर पार्किंग व्यवस्था तथा सार्वजनिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा मंडी शिफ्टिंग, आढ़त बाजार सड़क सुधार, परेड ग्राउंड एवं रामराय पार्किंग सहित अन्य विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को लंबित कार्यों में तेजी लाने और देहरादून की यातायात व्यवस्था को आधुनिक, व्यवस्थित तथा जनसुविधा केंद्रित बनाने के लिए गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा, उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह, संभागीय परिवहन अधिकारी संदीप सैनी, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, एमडीडीए, नगर निगम तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
