गदरपुर : नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गदरपुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 6.705 किलो अवैध डोडा बरामद हुआ है, जिसकी कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, 22 अगस्त को एनएच-74 पर वन विभाग बैरियर मसीद के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान काशीपुर हाईवे पर मोटरसाइकिल से जा रहे एक संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी में डोडा बरामद होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान मंगली पुत्र रामभरोसे, निवासी बदायूं, उत्तर प्रदेश, उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई। पुलिस ने उसके खिलाफ कोतवाली गदरपुर में एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी के पास से एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
पुलिस का कहना है कि नशे की तस्करी और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
