भारत : टोल प्लाजा के आसपास रहने वाले लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। NHAI ने देशभर के 121 टोल प्लाजा पर FASTag लोकल पास की ऑनलाइन सुविधा शुरू कर दी है। अब पात्र लोगों को मासिक पास बनवाने के लिए बार-बार टोल प्लाजा जाने की जरूरत नहीं होगी। लोग घर बैठे ‘राजमार्गयात्रा’ ऐप के जरिए लोकल पास के लिए आवेदन कर सकेंगे।

यह सुविधा खास तौर पर उन लोगों के लिए है, जो किसी NHAI टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहते हैं। पहले लोकल पास बनवाने के लिए टोल प्लाजा पर जाकर दस्तावेज जमा करने पड़ते थे। नई ऑनलाइन व्यवस्था से इस प्रक्रिया को आसान और डिजिटल कर दिया गया है।

FASTag लोकल पास की सुविधा सबसे पहले जुलाई 2026 में दिल्ली के अर्बन एक्सटेंशन रोड-II स्थित मुंडका-बक्करवाला टोल प्लाजा पर शुरू की गई थी। अब इसे बढ़ाकर देशभर के 121 टोल प्लाजा तक लागू किया गया है। ऐसे में अगर आपका घर किसी पात्र NHAI टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में आता है, तो आप इस सुविधा के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

ऐसे करें लोकल पास के लिए आवेदन

‘राजमार्गयात्रा’ ऐप पर आवेदन करते समय वाहन नंबर, पता और अन्य जरूरी जानकारी दर्ज करनी होगी। इसके बाद आपकी जानकारी को DigiLocker और VAHAN जैसे सरकारी डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए सत्यापित किया जाएगा।

इसके साथ ही GIS आधारित सिस्टम से यह भी जांच की जाएगी कि आवेदक का पता संबंधित टोल प्लाजा से 20 किलोमीटर के दायरे में है या नहीं। सभी जरूरी वेरिफिकेशन पूरा होने के बाद पात्र व्यक्ति को डिजिटल लोकल पास जारी किया जाएगा।

लोकल पास मिलने के बाद संबंधित टोल प्लाजा पर नियमों के अनुसार अनलिमिटेड यात्रा की सुविधा मिल सकेगी। इससे रोजाना टोल से गुजरने वाले स्थानीय लोगों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

हालांकि, इस सुविधा की एक सीमा भी है। FASTag का ऑनलाइन लोकल पास सिर्फ NHAI के टोल प्लाजा पर मान्य होगा। राज्य सरकार के टोल प्लाजा या निजी कंपनियों द्वारा संचालित एक्सप्रेसवे पर इसका इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *