नई दिल्ली : दिल्ली के द्वारका में रक्षा मंत्रालय में सहायक अनुभाग अधिकारी के पद पर तैनात 30 वर्षीय नाजिया खानम की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त की सुबह उनकी मौत की सूचना मिली। परिजनों ने आरोप लगाया है कि नाजिया को शादी के बाद से ही ससुराल में मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही थी। 

नाजिया की शादी 11 अप्रैल 2026 को अजम अली खान से हुई थी। उनके पिता ने पुलिस को दिए बयान में पति, सास, ससुर और ससुराल के अन्य सदस्यों पर लगातार परेशान करने का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि नाजिया फोन पर उन्हें अपनी परेशानी के बारे में बताती थीं और गाली-गलौज, मारपीट तथा धमकियों की शिकायत करती थीं। 

पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। बाद में नाजिया को कमरे में मृत पाया गया। वहीं, मायके वालों ने मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए हत्या की आशंका भी जताई है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच, साक्ष्य सुरक्षित रखने और पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी की मांग की है। 

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *