हल्द्वानी : हल्द्वानी जेल परिसर के पास एक व्यक्ति को कथित तौर पर जान से मारने की साजिश का पुलिस ने समय रहते पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर हुई कार्रवाई के चलते संभावित बड़ी घटना को टालने का दावा किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, बाजपुर निवासी अराज सिंह सिद्धू 24 अगस्त को अपने एक दोस्त से मिलने हल्द्वानी जेल पहुंचा था। आरोप है कि इसी दौरान सौरभ बावा, गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन, मानव वाट और एक अन्य व्यक्ति कार से उसका पीछा करते हुए जेल परिसर के पास पहुंचे। आरोपियों ने कथित तौर पर उसे जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद अराज सिंह ने 25 अगस्त को थाना हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मु0अ0सं0 290/2026, धारा 61(2)/351(2)(3) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया।
CCTV फुटेज से आरोपियों की पहचान
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने जेल परिसर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
25 अगस्त को पुलिस ने सौरभ बावा (24), मानव वाट (24) और गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन (25) को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपी ऊधम सिंह नगर जिले के बाजपुर और आसपास के क्षेत्रों के रहने वाले हैं।
आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के अनुसार, सौरभ बावा और गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन के खिलाफ हत्या, शस्त्र अधिनियम, मारपीट, बलवा और धमकी से जुड़े मामले दर्ज हैं। वहीं मानव वाट के खिलाफ भी हत्या के साथ-साथ मारपीट, बलवा और धमकी से संबंधित मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि इसी मामले से जुड़े जतिन्द्र सिंह को 24 अगस्त को 315 बोर के अवैध तमंचे और एक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया जा चुका है। उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को भी न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि जेल, न्यायालय और अन्य संवेदनशील स्थानों पर आपराधिक गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और संगीन अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
