जसपुर : पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की जसपुर शाखा के एटीएम में 500 रुपये के 52 नकली नोट मिलने का मामला सामने आया है। बैंक अधिकारियों की जांच में नोट नकली पाए जाने के बाद शाखा प्रबंधक ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, पंजाब नेशनल बैंक की जसपुर शाखा के प्रबंधक हिमांशु तोलिया ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 9 नवंबर 2026 को बैंक के एटीएम की जांच के दौरान पता चला कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने 8 नवंबर 2026 को एटीएम मशीन में 500 रुपये के कुल 52 नोट जमा किए थे।
उन्होंने बताया कि एटीएम मशीन ने इन नोटों की पहचान कर उन्हें स्वीकार नहीं किया था और रिजेक्ट बॉक्स में सुरक्षित रख दिया था। बाद में बैंक अधिकारियों ने रिजेक्ट बॉक्स में रखे नोटों की जांच की तो सभी 52 नोट नकली पाए गए।
शाखा प्रबंधक ने पुलिस से नकली नोट जमा करने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ बीएनएस की धारा 179 और 180 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एसआई प्रियांशु जोशी को सौंपी गई है।
