देहरादून : उत्तराखंड सरकार टिहरी झील को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। शुक्रवार को सचिवालय में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय समिति की बैठक में परियोजना को ग्रीन एनर्जी आधारित बनाने, पारंपरिक गांव विकसित करने और स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि टिहरी लेक परियोजना को अधिकतम नवीकरणीय ऊर्जा आधारित पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित किया जाएगा। प्रस्तावित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) को सौर ऊर्जा से संचालित करने की संभावनाएं भी तलाशी जाएंगी। साथ ही परियोजना के लिए एक आकर्षक और सरल नाम तय करने की दिशा में भी काम किया जाएगा, जिससे उसकी अलग पहचान बन सके।

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि टिहरी झील के आसपास चयनित गांवों को उत्तराखंड की पारंपरिक कला, संस्कृति और विरासत से जोड़ते हुए ‘ट्रेडिशनल विलेज’ के रूप में विकसित किया जाए। इन गांवों में स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए पर्यटन को आजीविका से जोड़ने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि इस मॉडल को भविष्य में राज्य के अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी लागू किया जा सकता है।

परियोजना के तहत विकसित होने वाली सभी परिसंपत्तियों के संचालन और रखरखाव की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। इसके लिए हितधारकों को योजना से जोड़ने और आय सृजन के स्थायी मॉडल तैयार करने पर बल दिया गया।

टिहरी झील में बोटिंग और जेटी संचालन के लिए वैज्ञानिक अध्ययन के आधार पर झील की वहन क्षमता का आकलन कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी। परियोजना का क्रियान्वयन चरणबद्ध तरीके से होगा, लेकिन इसकी समग्र योजना पहले ही तैयार की जाएगी।

बैठक में प्रस्तावित म्यूजियम को टिहरी के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व के अनुरूप विकसित करने पर भी सहमति बनी। इसमें पुरानी टिहरी रियासत का इतिहास, लोककला, लोकसंस्कृति तथा डूबी हुई पुरानी टिहरी का त्रि-आयामी (3डी) मॉडल प्रदर्शित करने का प्रस्ताव रखा गया।

बैठक में यह भी तय किया गया कि भविष्य की उच्च स्तरीय समिति की बैठकों में टीएचडीसी के प्रबंध निदेशक को विशेष आमंत्रित सदस्य तथा टिहरी के जिलाधिकारी को भी शामिल किया जाएगा।

बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुन्दरम, सचिव दिलीप जावलकर, डॉ. वी. षणमुगम, धीराज सिंह गर्ब्याल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *