लालकुआं : एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में लालकुआं पुलिस को बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। पुलिस ने 35 लाख से ज्यादा के सोने के आभूषण बरामद कर चोरी की 3 घटनाओं का खुलासा किया है।

आपको बता दें कि चन्द्रा देवी पत्नी खड़क सिंह निवासी चित्रकूट, तिवारी नगर, बिन्दुखत्ता, लालकुआं द्वारा दिनांक 19.05.2026 को थाना लालकुआं में सूचना दी गई कि अज्ञात चोर द्वारा उनके घर का ताला तोड़कर अलमारी में रखे सोने के आभूषण, जिनमें हार, नथ, मंगलसूत्र, कर्णफूल, अंगूठी, चेन, पौंची, मांग टीका आदि चोरी कर लिए हैं। तहरीर के आधार पर थाना लालकुआं में धारा 305(ए)/331(3) बीएनएस बनाम अज्ञात पंजीकृत कर मामले की जांच एसआई गौरव जोशी को सौंपी गई।

जांच के दौरान यह भी प्रकाश में आया कि वर्ष 2025 में भी थाना क्षेत्र में इसी प्रकार की दो अन्य चोरी की घटनाएं हुई थीं।
1- दिनांक 29.05.2025 को पार्वती देवी पत्नी प्रताप सिंह निवासी संजयनगर द्वितीय, बिन्दुखत्ता के घर से जेवरात एवं नकदी चोरी हुई थी।

2- 19-07-2026 को कुंवर सिंह मेहता पुत्र त्रिलोक सिंह निवासी रावतनगर द्वितीय, बिन्दुखत्ता के घर से जेवरात एवं नकदी चोरी होने के संबंध में मुकदमा दर्ज करवायागया था। इन घटनाओं के अनावरण एवं माल बरामदगी हेतु पुलिस लगातार प्रयासरत थी।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी द्वारा चोरियों के शीघ्र खुलासा व गिरफ्तारी/ बरामदगी के सम्बंध में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल को निर्देश दिए गए। अनुपालन में क्षेत्राधिकारी लालकुआं अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली लालकुआं बृजमोहन सिंह राणा एवं वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीपक सिंह बिष्ट के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।

गठित टीम द्वारा थाना क्षेत्र एवं आसपास लगे लगभग 200-300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया गया। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए टेक्निकल वह मैन्युअल इंटेलिजेंस के मध्यम से पड़ोसी जनपदों में भी सुरागरसी-पतारसी की गई।

दिनांक 23.05.2026 को चौकी प्रभारी बिन्दुखत्ता उपनिरीक्षक गौरव जोशी को सूचना प्राप्त हुई कि चोरी की घटनाओं में संदिग्ध एक व्यक्ति बिन्दुखत्ता क्षेत्र में चोरी किए गए जेवर बेचने के उद्देश्य से आया हुआ है। पुलिस टीम तत्काल घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम भानु बताया

तलाशी के दौरान कब्जे से पीली धातु (सोने के टूटे हुए आभूषण) बरामद हुए। इसके अतिरिक्त उसके पास पंखानुमा हीटर की निचली प्लेट खोलकर देखने पर उसमें छिपाकर रखी सोने के विभिन्न आभूषण पाए गए। बरामद आभूषणों के संबंध में पूछताछ करने पर अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने बिन्दुखत्ता एवं लालकुआं क्षेत्र के बंद पड़े मकानों के ताले तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। उसने बताया कि कुछ आभूषणों को बेचकर प्राप्त धनराशि वह खर्च कर चुका है तथा शेष आभूषण बेचने के उद्देश्य से ही वह क्षेत्र में आया था। गहन पूछताछ में अभियुक्त ने वर्ष 2025 में दर्ज मुकदमों की घटनाओं को भी अंजाम देना स्वीकार किया।

इसके उपरांत शिकायतकर्ताओं से संपर्क कर बरामद आभूषणों की पहचान कराई गई तथा तीनों मुकदमों में बरामदगी के आधार पर अभियुक्त को विधिक कार्यवाही करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह दिन के समय पैदल घूमकर ऐसे मकानों की तलाश करता था जिनमें लोग बाहर गए हों अथवा ताला लगा हो। मौका पाकर वह मकानों के ताले तोड़कर घरों में प्रवेश करता और सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी चोरी कर फरार हो जाता था।

गिरफ्तार अभियुक्त-
भानु प्रताप (21 वर्ष) पुत्र रोशन लाल, निवासी मुड़िया नबी बक्श, थाना बहेड़ी, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश)

बरामद माल का विवरण-
लगभग- 20 तोला पीली धातु के आभूषण कीमत- लगभग 35 लाख

पुलिस टीम में एसआई गौरव जोशी, हे.कां. इसरार नबी, कां. कमल बिष्ट, दयाल नाथ, आनन्द पुरी, उमेश गिरी, मनीष नौटियाल, दिलीप कुमार, विरेंद्र रौतेला शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *