रुद्रपुर : एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में बाजपुर-गदरपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने नकली नोटों के सौदागरों पर ऑपरेशन प्रहार के तहत कार्रवाई करते हुए 2 शातिर अपराधिकयों को 4 करोड़ 54 लाख रुपये कीमत के असली एवं नकली नोटों के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
आपको बता दें कि मुख्यमंत्री उत्तराखंड पुष्कर सिंह धामी के अपराध एवं भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस विजन को प्रभावी रूप से लागू करते हुए एसएसपी अजय गणपति द्वारा जनपद में अपराधियों, आर्थिक अपराधों में संलिप्त गिरोहों, अवैध कारोबारियों एवं कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध लगातार कठोर अभियान चलाया जा रहा है। एसएसपी द्वारा जनपद के समस्त थाना प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि नकली नोट, नशा, संगठित अपराध, अवैध कारोबार एवं आमजन की सुरक्षा को प्रभावित करने वाले अपराधों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उक्त क्रम में जनपद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत लगातार संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों एवं आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। अभियान के अंतर्गत गदरपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। एसपी अपराध/एसपी काशीपुर तथा सीओ बाजपुर के कुशल पर्यवेक्षण एवं एसएचओ गदरपुर के नेतृत्व में कोतवाली गदरपुर पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति/वस्तु/वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि सैफ्टा फार्म रोड पर पंचपुरी, गूलरभोज के पास स्थित एक खोखे में कुछ व्यक्ति भारी मात्रा में संदिग्ध नोटों के साथ मौजूद हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दबिश दी। पुलिस टीम द्वारा मौके पर मौजूद दो व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ एवं तलाशी ली गई, जिनके कब्जे से भारी मात्रा में असली एवं नकली नोट बरामद हुए।

बरामद नोटों की जांच करने पर पाया गया कि कई गड्डियों में ऊपर भारतीय रिजर्व बैंक के असली 500 रुपये के नोट लगाए गए थे, जबकि नीचे चिल्ड्रन्स बैंक ऑफ इंडिया अंकित नकली नोट रखे गए थे, जिससे आम लोगों को आसानी से धोखा दिया जा सके। पुलिस द्वारा मौके से कुल लगभग 4 करोड़ 54 लाख रुपये मूल्य के असली एवं नकली नोट बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में यह मामला बड़े स्तर पर नकली नोटों को खपाने एवं आर्थिक अपराध से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।
पुलिस ने मौके से मुनत्याज (24 वर्ष) पुत्र शाहिद निवासी केशव नगर, बाजपुर तथा मनोज कुमार (41 वर्ष) पुत्र दूधनाथ निवासी ग्राम पंचपुरी कोपा, गूलरभोज गदरपुर के खिलाफ कोतवाली गदरपुर में बीएनएस की धारा 179/180/3(5) के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर गिरफ्तार कर लिया। दोनों अभियुक्तों से जानकारी जुटाई जा रही है कि उक्त नकली नोट वे कहां से लाए, किन लोगों के माध्यम से इनकी सप्लाई हो रही थी तथा इन्हें किन क्षेत्रों में खपाने की तैयारी थी।
पुलिस टीम में एसएचओ गदरपुर भूपेन्द्र सिंह बृजवाल, एसआई सुरेन्द्र सिंह खड़ायत, मुकेश मिश्रा, हे.कां. जगवीर सिंह, कां. लक्ष्मण, रघुवर सिंह तथा अमित देवरानी शामिल थे।
एसएसपी अजय गणपति का संदेश –
‘जनपद ऊधम सिंह नगर में आर्थिक अपराध, नकली नोट, नशा एवं संगठित अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जनपद पुलिस पूरी सतर्कता, प्रतिब(ता एवं पेशेवर दक्षता के साथ अपराधियों के विरु( लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरु( कठोरतम कार्रवाई जारी रहेगी।’
