जसपुर : ऑपरेशन प्रहार के तहत जसपुर पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी एजाज के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसके घर पर नोटिस चस्पा किया और मुनादी कराकर उद्घोषणा की। आरोपी के खिलाफ न्यायालय से गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद भी वह पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने जिले में वांछित, ईनामी अपराधियों और वारंटियों की शत-प्रतिशत गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में एसपी स्वप्न किशोर सिंह और सीओ प्रशांत कुमार के निर्देशन में जसपुर पुलिस ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के मुताबिक, 2 जुलाई 2026 को दर्ज मुकदमा संख्या 247/2026 में एजाज पुत्र इदरीश निवासी रहमानिया मैरिज हॉल के पास, जसपुर आरोपी है। घटना के बाद से ही वह फरार चल रहा था। पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों और घर पर कई बार दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं आया। इसके बाद 15 जुलाई को न्यायालय से उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया।

इसके बावजूद आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर 5 अगस्त को न्यायिक मजिस्ट्रेट, जसपुर की अदालत से बीएनएसएस की धारा 84 के तहत उद्घोषणा का आदेश प्राप्त किया गया। न्यायालय के आदेश के बाद 6 अगस्त को पुलिस टीम आरोपी के घर पहुंची। यहां डुगडुगी बजाकर और लाउडस्पीकर के जरिए मुनादी कर आरोपी के फरार होने की सार्वजनिक उद्घोषणा की गई। साथ ही उद्घोषणा की एक प्रति उसके घर के गेट पर प्रमुख स्थान पर चस्पा कर दी गई।

क्या है मामला?

पुलिस के अनुसार, नई बस्ती जसपुर निवासी रईस अहमद ने 2 जुलाई की रात हुई मारपीट के मामले में तहरीर दी थी। तहरीर में बताया गया कि रात करीब 1:50 बजे उसका भाई मोहम्मद मोहसिन अपने दोस्त मोहम्मद वली के साथ बाइक से घर लौट रहा था।

आरोप है कि धर्मकांटा जसपुर के आगे लतीफ पोपुलर वालों के घर के सामने एक सफेद कार और उसके पीछे काले रंग की वैन्यू कार आकर रुकी। सफेद कार से फैजान, मोहम्मद शोएब, फैज आलम, हुसैन और उनके अन्य साथी लाठी-डंडे लेकर उतरे और मोहसिन व उसके दोस्त मोहम्मद वली के साथ मारपीट शुरू कर दी।

तहरीर के मुताबिक, इसी दौरान एजाज ने मोहसिन को जान से मारने की नीयत से उसके ऊपर कार चढ़ा दी। हादसे में मोहसिन गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी रीढ़ की हड्डी में चोट आई। प्राथमिक उपचार के बाद उसे काशीपुर के केवीआर अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए जौलीग्रांट अस्पताल, देहरादून रेफर किया गया।

पुलिस मामले में फरार आरोपी एजाज की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राजेश पाण्डेय, एसआई हरीश आर्या, प्रियांशु जोशी और रुचिका चौहान शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *