नई दिल्ली : पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की आठवीं पुण्यतिथि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। दिल्ली स्थित ‘सदैव अटल’ समाधि स्थल पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री मोदी समेत कई प्रमुख नेताओं ने अटल जी को नमन किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए भी अटल बिहारी वाजपेयी को याद किया। उन्होंने कहा कि अटल जी अद्भुत दूरदर्शिता वाले असाधारण राजनेता थे और उन्होंने अपना पूरा जीवन देश की सेवा में समर्पित कर दिया।
पीएम मोदी ने कहा कि अटल जी के विचार और उनके प्रयासों ने कई पीढ़ियों को प्रेरित किया। उनके नेतृत्व में देश को मजबूती मिली और सुशासन व जनकल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता हमेशा मार्गदर्शन करती रहेगी।
देश की राजनीति में अहम रहा अटल जी का योगदान
अटल बिहारी वाजपेयी देश के तीन बार प्रधानमंत्री रहे। अपनी प्रभावशाली वक्तृत्व शैली, राजनीतिक सोच और सर्वस्वीकार्य व्यक्तित्व के कारण उन्होंने भारतीय राजनीति में अलग पहचान बनाई।
उनकी पुण्यतिथि पर देशभर में उन्हें याद किया जा रहा है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और आम लोगों ने भी पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि देते हुए राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को नमन किया।
