देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में आवास विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने राज्य सचिवालय में रानीखेत की प्रस्तावित मल्टीलेवल पार्किंग परियोजनाओं और रुद्रपुर में बनने वाले ऊधम सिंह नगर जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के नए कार्यालय भवन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्माण के निर्देश दिए।

रानीखेत में जाम से राहत के लिए दो मल्टीलेवल पार्किंग

समीक्षा बैठक में गैस गोदाम-आशियाना पार्क क्षेत्र और रोडवेज स्टेशन के समीप प्रस्तावित दो मल्टीलेवल पार्किंग परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। गैस गोदाम क्षेत्र में करीब ₹8.62 करोड़ की लागत से चार मंजिला पार्किंग प्रस्तावित है, जिसमें 59 वाहनों की पार्किंग के साथ अन्य बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। वहीं रोडवेज स्टेशन के पास करीब ₹4.80 करोड़ की लागत से 154 वाहनों (13 चारपहिया व 141 दोपहिया) की क्षमता वाली पार्किंग बनाई जाएगी।

सचिव ने दोनों परियोजनाओं की व्यवहार्यता, पार्किंग क्षमता, राजस्व मॉडल और स्थानीय आवश्यकताओं का पुनः परीक्षण कर संशोधित प्रस्ताव जल्द शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से रानीखेत में जाम की समस्या कम होगी और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

रुद्रपुर में बनेगा 18 करोड़ का आधुनिक कार्यालय भवन

बैठक में ऊधम सिंह नगर जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के नए कार्यालय भवन की भी समीक्षा की गई। ग्राम कल्याणपुर, रुद्रपुर में लगभग 18.01 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह भवन आधुनिक ग्रीन बिल्डिंग मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। इसमें सोलर एनर्जी सिस्टम, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, पार्किंग और लैंडस्केपिंग जैसी सुविधाएं होंगी।

अधिकारियों ने बताया कि परियोजना की भौतिक प्रगति लगभग 50 प्रतिशत हो चुकी है। सचिव डॉ. राजेश कुमार ने निर्माण कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने और सभी पर्यावरणीय मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सचिव ने कहा कि नया कार्यालय भवन विकास प्राधिकरण की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल प्रशासनिक ढांचे का उदाहरण बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

उत्तराखंड