500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पुलिस ने सुलझाया मामला, एक आरोपी पर गैंगस्टर समेत 5 मुकदमे दर्ज
बाजपुर : ऊधमसिंह नगर पुलिस ने बाजपुर में सर्राफा व्यापारी की दुकान से हुई करीब 34 लाख रुपये की चोरी का सफल खुलासा करते हुए तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 82.74 ग्राम सोने के आभूषण, 10.666 किलोग्राम चांदी के आभूषण, नकदी और चोरी में प्रयुक्त ऑटो बरामद किया है।
एसएसपी अजय गणपति ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 9 जुलाई 2026 को बाजपुर निवासी ओमकार वर्मा ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी ‘ओम ज्वैलर्स’ नाम से आभूषणों की दुकान है, जहां 8 जुलाई की रात अज्ञात चोर दुकान का ताला तोड़कर करीब दो लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, सीसीटीवी का एनवीआर और टीवी चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर एसपी काशीपुर स्वप्न किशोर सिंह और सीओ बाजपुर की निगरानी में प्रभारी निरीक्षक बाजपुर के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। मैनुअल सर्विलांस, मुखबिर तंत्र और तकनीकी जांच के आधार पर 19/20 जुलाई की रात किशनपुर-मौलागढ़ बॉर्डर से तीनों आरोपियों को चोरी में प्रयुक्त ऑटो सहित गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने दुकान के सीसीटीवी कैमरों के तार काटकर शटर का ताला तोड़ने और चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद मामले में संबंधित धाराएं भी बढ़ाई गईं।
गिरफ्तार आरोपी
- आजम, निवासी आदर्श नगर, काशीपुर (हाल निवासी नरपत नगर, थाना स्वार, रामपुर)
- इस्लाम, निवासी नरपत नगर, थाना स्वार, रामपुर
- करमरूद्दीन, निवासी नरपत नगर, थाना स्वार, रामपुर
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी आजम एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ थाना बाजपुर में गैंगस्टर एक्ट सहित पांच आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में कोतवाल बाजपुर नरेश चौहान, एसएसआई विक्रम सिंह धामी, एसआई देवेंद्र सिंह मेहता, धीरेन्द्र सिंह परिहार, एएसआई राकेश सिंह रौंकली सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
