देहरादून : स्वतंत्रता दिवस के मौके पर परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तिरंगा फहराया। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए देश के अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया। इस दौरान 14 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक प्रदान किए गए। वहीं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करने वाले 13 खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।

आपदा प्रभावितों के साथ खड़ी है सरकार

सीएम धामी ने प्रदेश में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदाओं का जिक्र करते हुए कहा कि मुश्किल समय में सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के साथ क्षतिग्रस्त सड़कों, पुलों, बिजली और पेयजल लाइनों को जल्द ठीक करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को वर्ष 2035 तक विकसित राज्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सड़क, रेल और रोपवे कनेक्टिविटी के विस्तार के साथ पर्यटन, उद्योग, खेल और रोजगार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या 47 लाख से अधिक हो चुकी है, जबकि इस साल कांवड़ मेले में 4 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचे। सरकार धार्मिक पर्यटन के साथ वेलनेस, एडवेंचर टूरिज्म, फिल्म शूटिंग और वेडिंग डेस्टिनेशन को भी बढ़ावा दे रही है।

युवाओं और महिलाओं पर फोकस

सीएम ने कहा कि युवाओं को रोजगार तलाशने के बजाय रोजगार देने वाला बनाने के लिए स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत किया जा रहा है। इसके लिए 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड की व्यवस्था की गई है। ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ के जरिए स्थानीय उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब तक 3 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। महिला स्वयं सहायता समूहों को ब्याजमुक्त ऋण और किसानों को भी ब्याजमुक्त ऋण के साथ कृषि उपकरणों पर सब्सिडी दी जा रही है।

स्वतंत्रता दिवस पर 7 बड़ी घोषणाएं

1. चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्क बनाए जाएंगे।

2. प्रदेश में पहला युवा आयोग स्थापित किया जाएगा।

3. सीमावर्ती गांवों के युवाओं, पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को स्वरोजगार के लिए अतिरिक्त सहायता और प्रोत्साहन मिलेगा।

4. वर्ग-3 और वर्ग-4 की भूमि के विनियमितीकरण की समय-सीमा बढ़ाई जाएगी और भूमिधरी अधिकार दिए जाएंगे।

5. प्रधानमंत्री आवास योजना में राज्यांश 50 हजार से बढ़ाकर 75 हजार रुपये किया जाएगा।

6. 18 से 30 वर्ष के युवाओं के लिए मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार एवं उद्यमिता प्रोत्साहन योजना शुरू होगी। आईआईटी और आईआईएम जैसे संस्थानों के सहयोग से प्रशिक्षण दिया जाएगा और बैंक ऋण की 30 प्रतिशत राशि सरकार अनुदान के रूप में देगी।

7. बहादुर बच्चों को सम्मानित करने के लिए इसी साल से ‘बाल वीरता पुरस्कार’ शुरू किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसा उत्तराखंड बनाना है, जहां विकास के साथ प्रदेश की संस्कृति और विरासत सुरक्षित रहे, युवाओं को रोजगार मिले और पलायन की समस्या का समाधान हो। उन्होंने उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के संकल्प को दोहराया।

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, मेयर सौरभ थपलियाल, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *