देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड क्षत्रिय कल्याण समिति, देहरादून की वेबसाइट और ‘क्षत्रिय जागरण’ स्मारिका का विमोचन किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने समिति के सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समिति समाज में जागरूकता बढ़ाने और जरूरतमंद लोगों तक मदद पहुंचाने के लिए सराहनीय काम कर रही है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने से ही प्रदेश का समग्र विकास संभव है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और उत्तराखंड के विकास में अपनी भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज के विकास में शिक्षा की अहम भूमिका है। समिति को बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रयास करने चाहिए।
सीएम धामी ने कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी का महत्व समझाना भी जरूरी है, ताकि वे आगे चलकर समाज और देश के विकास में योगदान दे सकें।
कार्यक्रम में विधायक सुरेश सिंह चौहान सहित दिगंबर सिंह नेगी, गोविंद बिष्ट, सोहन सिंह नेगी, आशा असवाल, धनपाल रावत, किशन भंडारी, प्रताप सिंह बिष्ट, चंदन सिंह भंडारी और समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
