देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं के 9 लाख 87 हजार 17 लाभार्थियों को जुलाई 2026 की पेंशन राशि डीबीटी के माध्यम से जारी की। इस दौरान कुल 146 करोड़ 32 लाख 50 हजार रुपये की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। पेंशन राशि को समय पर और पारदर्शी तरीके से सीधे खातों में भेजा जा रहा है, ताकि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने कहा कि बुजुर्ग, विधवा, दिव्यांग और अन्य जरूरतमंद लोग सरकार के परिवार का हिस्सा हैं। सरकार का प्रयास है कि हर पात्र व्यक्ति को उसका अधिकार सम्मान के साथ, समय पर और बिना किसी परेशानी के मिले।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना के साथ उत्तराखंड को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का विकास तभी संभव है, जब समाज के हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए।

समाज कल्याण मंत्री खजान दास ने बताया कि जुलाई 2026 की पेंशन किश्त के तहत 9,87,017 लाभार्थियों को भुगतान किया गया है। इनमें ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) के करीब 2.15 लाख पेंशनर भी शामिल हैं, जिन्हें फिलहाल SNA स्पर्श प्रणाली के माध्यम से पेंशन दी जा रही है।

किस योजना के कितने लाभार्थी?

  • वृद्धावस्था पेंशन: 6,15,628 लाभार्थी — 92.34 करोड़ रुपये
  • विधवा पेंशन: 2,36,983 लाभार्थी — 35.54 करोड़ रुपये
  • दिव्यांग पेंशन: 89,128 लाभार्थी — 13.36 करोड़ रुपये
  • किसान पेंशन: 27,288 लाभार्थी — 3.20 करोड़ रुपये
  • परित्यक्ता पेंशन: 8,284 लाभार्थी — करीब 99.40 लाख रुपये
  • भरण-पोषण अनुदान: 7,383 लाभार्थी — 51.68 लाख रुपये
  • तीलू रौतेली पेंशन: 2,196 लाभार्थी — 26.35 लाख रुपये
  • बौना पेंशन: 127 लाभार्थी — 1.52 लाख रुपये

कार्यक्रम में सचिव समाज कल्याण श्रीधर बाबू अद्दांकी, निदेशक जनजाति कल्याण संजय टोलिया, अपर सचिव सुन्दरलाल सेमवाल, निदेशक संजय कुमार, अपर निदेशक योगेंद्र रावत, संयुक्त निदेशक जी.आर. नौटियाल, गोवर्धन सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *