ऊधम सिंह नगर : सितारगंज पुलिस ने शराब के नशे में घर के बाहर गाली-गलौज और बंदूक से फायरिंग करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक नाली और दो नाली की बंदूक के साथ 12 बोर के 8 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 112 पर सूचना मिली थी कि तिगड़ी फार्म क्षेत्र निवासी मनदीप सिंह शराब के नशे में अपने घर के बाहर गाली-गलौज कर रहा है और बंदूक से फायरिंग कर चुका है। सूचना मिलते ही सितारगंज पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी नशे में उग्र व्यवहार कर रहा था, जिसके चलते अतिरिक्त पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मियों को भी मौके पर बुलाया गया।

पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी घर की गैलरी से दोनों बंदूकें और कारतूसों की बेल्ट लेकर खेतों की ओर भाग गया। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया और घर से करीब एक किलोमीटर दूर खेतों में दौड़कर उसे पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक नाली 12 बोर बंदूक, एक दो नाली .315 बोर बंदूक और कारतूस बेल्ट में लगे 8 जिंदा 12 बोर कारतूस बरामद किए।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनदीप सिंह (47) पुत्र हरबंस सिंह, निवासी तिगड़ी फार्म, चौकी सरकड़ा, कोतवाली सितारगंज के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली सितारगंज में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-ख)(क) के तहत कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक जावेद मलिक, उपनिरीक्षक दीपक तिवारी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *